हरियाणा पुलिस द्वारा पत्रकारों की गिरफ्तारी के मामले में निष्पक्ष जांच की मांग, प्रधानमंत्री को भेजा ज्ञापन
जालौन में पत्रकारों की सुरक्षा और अधिकारों की रक्षा के लिए उठी आवाज, दोषियों पर कार्रवाई की मांग
उरई (जालौन)। लिविंग इंडिया एवं हिंदी खबर न्यूज चैनल के संपादकों तथा एक महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के मामले में पत्रकारिता जगत ने चिंता जताई है। इस प्रकरण की निष्पक्ष जांच, पत्रकारों की सुरक्षा और पत्रकारिता की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने की मांग को लेकर जनपद जालौन के पत्रकारों एवं पत्रकारिता जगत के प्रतिनिधियों ने जिलाधिकारी जालौन के माध्यम से प्रधानमंत्री को संबोधित ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन में कहा गया कि लोकतंत्र में पत्रकारिता की महत्वपूर्ण भूमिका है। पत्रकार समाज की समस्याओं, जनहित के मुद्दों और शासन-प्रशासन की कार्यप्रणाली को जनता के सामने लाते हैं। ऐसे में पत्रकारों के विरुद्ध होने वाली किसी भी कार्रवाई में निष्पक्षता, पारदर्शिता और कानूनी प्रक्रिया का पालन सुनिश्चित किया जाना चाहिए।
ज्ञापन के माध्यम से मांग की गई कि संबंधित संपादकों और महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के मामले की निष्पक्ष, स्वतंत्र एवं उच्चस्तरीय जांच कराई जाए। यदि किसी प्रकार की अवैध कार्रवाई या उत्पीड़न सामने आता है, तो जिम्मेदार व्यक्तियों के खिलाफ कड़ी कानूनी कार्रवाई की जाए।
इसके साथ ही पत्रकारों को निर्भीक होकर अपने कर्तव्यों का निर्वहन करने के लिए सुरक्षित वातावरण उपलब्ध कराने, उन्हें डराने-धमकाने या उनकी अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता बाधित करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने की मांग भी की गई। महिला पत्रकारों की सुरक्षा, सम्मान और अधिकारों की रक्षा के लिए प्रभावी कदम उठाने पर भी जोर दिया गया।
ज्ञापन में केंद्र सरकार से देशभर में पत्रकारों की सुरक्षा और पत्रकारिता की स्वतंत्रता सुनिश्चित करने के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश जारी करने का अनुरोध किया गया। ज्ञापन सौंपने वालों ने कहा कि उनका उद्देश्य किसी व्यक्ति या संस्था पर पूर्वाग्रह के आधार पर आरोप लगाना नहीं, बल्कि पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कराकर सच्चाई सामने लाना और पत्रकारों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित करना है।
ज्ञापन के अंत में जनहित और लोकतांत्रिक मूल्यों को ध्यान में रखते हुए प्रधानमंत्री तक मांगों को पहुंचाने तथा संबंधित अधिकारियों से आवश्यक कार्रवाई कराने का अनुरोध किया गया।
Orai, Jalaun | Oct 12, 2026