हरियाणा पुलिस द्वारा हिंदी खबर न्यूज़ चैनल के संपादक एवं पत्रकारों की हिरासत के विरोध में जालौन में प्रदर्शन, प्रधानमंत्री के नाम डीएम को सौंपा ज्ञापन
निष्पक्ष जांच, हिरासत के कारणों को सार्वजनिक करने और पत्रकारों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की उठाई मांग
अंकुर श्रीवास्तव ✍️
उरई (जालौन)। हिंदी खबर न्यूज़ चैनल के संपादकों और महिला पत्रकार को हिरासत में लिए जाने के मामले में जालौन के पत्रकारों ने चिंता जताते हुए जिलाधिकारी कार्यालय उरई में प्रधानमंत्री के नाम ज्ञापन सौंपा। ज्ञापन के माध्यम से पत्रकारों ने पूरे प्रकरण की निष्पक्ष एवं पारदर्शी जांच कराने की मांग की।
पत्रकारों ने अतुल अग्रवाल, सौरभ उपाध्याय और सुदेश नैन मोर को हिरासत में लिए जाने के मामले को उठाते हुए कहा कि नशे के अवैध कारोबार के खिलाफ खबरें प्रसारित किए जाने के बाद हुई पुलिस कार्रवाई की निष्पक्षता की जांच होनी चाहिए। उन्होंने हिरासत में लिए जाने के कारणों और संबंधित कानूनी प्रावधानों की जानकारी सार्वजनिक करने की मांग भी की।
ज्ञापन में कहा गया कि यदि पत्रकारों के खिलाफ दुर्भावनापूर्ण कार्रवाई की पुष्टि होती है, तो जिम्मेदार अधिकारियों पर कार्रवाई की जाए। वहीं, पर्याप्त साक्ष्य नहीं होने की स्थिति में संबंधित पत्रकारों की तत्काल रिहाई सुनिश्चित की जाए।
पत्रकारों ने पत्रकारिता की स्वतंत्रता और पत्रकारों की सुरक्षा पर जोर देते हुए मांग की कि उन्हें भय, दबाव और प्रतिशोध से बचाने के लिए प्रभावी कदम उठाए जाएं। उन्होंने पूरे मामले में पारदर्शिता बरतने और निष्पक्ष जांच सुनिश्चित करने की मांग की।
#hariyanapolice #atulagrawal #hindikhabar #dmjalaun #boldobharat
Orai, Jalaun | Oct 12, 2026