#भरतपुर। राज्य निर्वाचन आयोग द्वारा प्रदेश के शहरी निकायों में चुनाव कार्यक्रम की घोषणा करते ही नदबई में आदर्श आचार संहिता प्रभावी हो गई है। आचार संहिता लागू होते ही नगर पालिका प्रशासन हरकत में आ गया और गुरुवार से शहर के प्रमुख मार्गों, चौराहों व सार्वजनिक स्थानों से सरकारी योजनाओं और प्रचार-प्रसार से संबंधित बैनर-पोस्टर हटाने का अभियान शुरू कर दिया। आयोग द्वारा घोषित कार्यक्रम के तहत प्रदेश के निकायों में दो चरणों में मतदान होगा, जिसमें नदबई नगर पालिका में दूसरे चरण के अंतर्गत मतदान की प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। सफाई निरीक्षक बलवंत सिंह ने बताया कि शहर में आदर्श आचार संहिता का कड़ाई से पालन सुनिश्चित करने के लिए पालिका की टीमें लगातार सक्रिय हैं और प्रचार सामग्री हटाने की कार्रवाई जारी रहेगी।