#भरतपुर। आगरा जिले के अछनेरा थाना क्षेत्र के ताजपुर नगरिया गांव में बुधवार रात मोबाइल स्टेटस को लेकर हुए विवाद में 28 वर्षीय युवक की गोली मारकर ह*त्या कर दी गई। घटना कुलदेवी मंदिर के पास हुई। मृतक की पहचान डीग जिले के कुम्हेर क्षेत्र निवासी ओमप्रकाश के रूप में हुई है, जो करीब आठ दिन पहले अपने जीजा के घर ताजपुर नगरिया आया था। पुलिस ने गुरुवार को मामले में तीन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस के अनुसार, आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल तमंचा भी बरामद किया गया है। जानकारी के अनुसार, युवक बुधवार रात गांव से करीब एक किलोमीटर दूर कुलदेवी मंदिर की ओर टहलने गया था। इसी दौरान मोबाइल पर एक छात्रा का स्टेटस लगाने को लेकर कुछ लोगों से उसका विवाद हो गया। विवाद बढ़ने पर युवक को गोली मार दी गई। गोली लगने से युवक की मौके पर ही मौत हो गई। सूचना मिलने पर पुलिस अधिकारी और फोरेंसिक टीम घटनास्थल पर पहुंची। टीम ने मौके से आवश्यक साक्ष्य जुटाए और घटना की जांच शुरू की। पुलिस ने मामले में तीन युवकों को गिरफ्तार किया है। पुलिस द्वारा आरोपितों की आयु से संबंधित सत्यापन किया जा रहा है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से हत्या में प्रयुक्त 1 तमंचा सहित 1 जिंदा कारतूस एवं 1 खोखा कारतूस .315 बोर बरामद करने की बात कही है।