#भरतपुर। रूपवास नगरपालिका के वार्ड नंबर 2 को आगामी चुनावों के लिए ओबीसी महिला आरक्षित किए जाने पर स्थानीय निवासियों ने गहरा रोष व्यक्त किया है। इस संबंध में वार्ड वासियों ने जिला कलेक्टर के नाम रूपवास उपखंड अधिकारी को एक ज्ञापन सौंपा है। ज्ञापन में निवासियों ने बताया कि अंबेडकर पार्क के सामने, भरतपुर रोड स्थित जाटव मोहल्ले के वार्ड नंबर 2 में शत-प्रतिशत आबादी अनुसूचित जाति समाज की है। इसके बावजूद बिना किसी सही आंकड़े और तथ्यों के इस सीट को ओबीसी महिला वर्ग के लिए आरक्षित कर दिया गया है। लोगों का आरोप है कि कुछ लोगों ने जानबूझकर माहौल बिगाड़ने की नीयत से ऐसा किया है। वार्ड वासियों ने प्रशासन से मांग की है कि समय रहते वार्ड नंबर 2 को एससी वर्ग के लिए आरक्षित किया जाए। यदि ऐसा संभव न हो, तो इसे सामान्य वार्ड घोषित किया जाए ताकि सभी वर्ग के लोग चुनाव लड़ सकें। साथ ही चेतावनी दी गई है कि यदि मांग पूरी नहीं हुई तो पूरे वार्ड के लोग मतदान का बहिष्कार करेंगे और इस दौरान किसी भी प्रकार की जनहानि या व्यवस्था बिगड़ने की पूरी जिम्मेदारी शासन और प्रशासन की होगी।