कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने गांवों में पहुंचकर स्वामित्व अधिकार अभिलेख निष्पादन एवं पंजीयन कार्य का लिया जायजा
---------
---------
कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा द्वारा गुरूवार को रायसेन जिले में ग्राम पंचायत सिरसौदा, सांचेत, चिकलोद, अमोदा सहित अन्य ग्राम पंचायतों में पहुंचकर सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन कार्य की प्रगति का जायजा लिया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों से कार्य की स्थिति की जानकारी लेते हुए पंजीयन प्रक्रिया को सुचारू एवं पारदर्शी रूप से पूर्ण कराने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी भी साथ रहे।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने ग्राम पंचायत कार्यालयों में संबंधित अभिलेखों एवं दस्तावेजों का अवलोकन किया तथा स्वामित्व अधिकार अभिलेखों के निष्पादन और पंजीयन से संबंधित प्रक्रिया की जानकारी ली। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि कार्य में किसी भी स्तर पर अनावश्यक विलंब न हो और निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार सभी प्रकरणों का कार्यवाही पूर्ण कराएं।
कलेक्टर श्री विश्वकर्मा ने ग्रामीणों से संवाद करते हुए स्वामित्व अधिकार अभिलेख से संबंधित उनकी जानकारी एवं अनुभव भी जाने। उन्होंने ग्रामीणों से कहा कि स्वामित्व अधिकार अभिलेख ग्रामीण परिवारों के लिए महत्वपूर्ण दस्तावेज है। इसके माध्यम से ग्रामीणों को अपनी संपत्ति के अधिकार संबंधी दस्तावेज प्राप्त होते हैं और संपत्ति से जुड़े मामलों में उन्हें सुविधा मिलती है। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि अभिलेखों के निष्पादन एवं पंजीयन कार्य में दस्तावेजों की जांच, प्रक्रिया की पूर्णता और अभिलेखों के सुरक्षित संधारण पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही ग्रामीणों को आवश्यक जानकारी एवं मार्गदर्शन उपलब्ध कराया जाए। इस दौरान उन्होंने एसडीएम तथा अन्य अधिकारियों को निर्देशित किया कि स्वामित्व अधिकार अभिलेखों से संबंधित कार्य की निरंतर मॉनीटरिंग करते हुए प्रगति की नियमित समीक्षा की जाए।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh Collector Office Raisen
7 views | Raisen, Madhya Pradesh | Oct 1, 2026