प्रतापगढ़ की बेटी आराधना मिश्रा ‘मोना’ को मिली यूपी कांग्रेस की कमान से कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर
प्रमोद तिवारी की राजनीतिक विरासत को प्रदेश स्तर पर नई जिम्मेदारी—प्रतापगढ़ से लखनऊ तक समर्थकों में खुशी की लहर
प्रतापगढ़ के सियासी गलियारे में खुशी की लहर
मोना को प्रदेश अध्यक्ष बनाए जाने की खबर मिलते ही प्रतापगढ़ में कांग्रेस कार्यकर्ताओं और समर्थकों में खुशी की लहर दौड़ गई। समर्थकों ने इसे प्रतापगढ़ के राजनीतिक प्रभाव और प्रमोद तिवारी परिवार की मजबूत राजनीतिक पकड़ से जोड़कर देखा। जगह-जगह बधाई और शुभकामनाओं का दौर शुरू हो गया।
रामपुर खास से निकलकर प्रदेश कांग्रेस की कमान तक पहुंचना मोना के राजनीतिक सफर में एक महत्वपूर्ण पड़ाव माना जा रहा है। उनके सामने अब पूरे उत्तर प्रदेश में संगठन को सक्रिय करने और आगामी विधानसभा चुनाव की तैयारियों को गति देने की बड़ी जिम्मेदारी होगी।
पिता की विरासत से प्रदेश की जिम्मेदारी तक
प्रमोद तिवारी लंबे समय से उत्तर प्रदेश और राष्ट्रीय राजनीति में कांग्रेस के प्रमुख चेहरों में रहे हैं। उनकी बेटी आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने रामपुर खास में अपनी अलग राजनीतिक पहचान बनाई और अब प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष की जिम्मेदारी मिलने के साथ उनकी भूमिका का दायरा पूरे उत्तर प्रदेश तक पहुंच गया है।
कांग्रेस ने इसी संगठनात्मक बदलाव में सहारनपुर के सांसद इमरान मसूद को कार्यकारी प्रदेश अध्यक्ष बनाया है। पार्टी ने 2027 के विधानसभा चुनाव से पहले प्रदेश संगठन में कई महत्वपूर्ण बदलाव किए हैं।
प्रतापगढ़ के लिए गौरव का क्षण
मोना की ताजपोशी को लेकर प्रतापगढ़ के कांग्रेस समर्थकों में खास उत्साह है। समर्थकों का कहना है कि रामपुर खास की राजनीति से निकली आवाज अब पूरे उत्तर प्रदेश में कांग्रेस की आवाज बनेगी। सोशल मीडिया से लेकर स्थानीय राजनीतिक गलियारों तक बधाइयों का सिलसिला जारी है। खबर मिलते ही मीडिया प्रभारी ज्ञान प्रकाश शुक्ला, कांग्रेस जिला अध्यक्ष डॉ नीरज त्रिपाठी, दानिश माबूद, इश्तियाक, दिलशाद, विकास मिश्रा समेत अन्य समर्थकों ने एक दूसरे का मुंह मीठा कराकर मुबारकबाद दी।
आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने नई जिम्मेदारी मिलने पर कांग्रेस के शीर्ष नेतृत्व का आभार जताते हुए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से जिम्मेदारी निभाने की बात कही है।