जिला पुलिस भिवानी का साईबर जागरूकता अभियान जारी, विद्यार्थियों को UPI Collect Request Fraud के प्रति किया जागरूक
पुलिस अधीक्षक भिवानी श्री मयंक मिश्रा, IPS के निर्देशानुसार जिला पुलिस भिवानी द्वारा अक्टूबर माह को राष्ट्रीय साईबर सुरक्षा जागरूकता माह (National Cybersecurity Awareness Month) के रूप में मनाया जा रहा है। इसी कड़ी में जिला पुलिस द्वारा स्कूल-कॉलेजों, बाजारों एवं विभिन्न सार्वजनिक स्थानों पर साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित कर आमजन एवं विद्यार्थियों को साइबर अपराधों से बचाव के प्रति जागरूक किया जा रहा है।
अभियान की थीम “STOP–THINK–TAKE ACTION” रखी गई है। अभियान के छठे दिन निर्धारित विषय “UPI Collect Request Fraud” के संबंध में थाना साइबर क्राइम भिवानी के विष्णु कुमार ने अपनी टीम के साथ विश्वास साईंस अकादमी में विद्यार्थियों को साईबर सुरक्षा के प्रति जागरूक किया।
पुलिस टीम द्वारा विद्यार्थियों को समझाया गया कि UPI Collect Request एक ऐसी सुविधा है, जिसमें किसी व्यक्ति द्वारा दूसरे व्यक्ति के UPI खाते पर पैसे भेजने के बजाय भुगतान करने के लिए Payment Request भेजी जाती है। साईबर ठग इसी सुविधा का दुरुपयोग कर लोगों को धोखाधड़ी का शिकार बनाते हैं।
विद्यार्थियों को बताया गया कि साईबर ठग अक्सर रिफंड, कैशबैक, इनाम, ऑनलाइन बिक्री, नौकरी, बिल भुगतान या किसी अन्य बहाने से UPI Collect Request भेजते हैं और पीड़ित को विश्वास दिलाते हैं कि Request स्वीकार करने पर उसके खाते में पैसे आएंगे। जबकि वास्तव में UPI PIN डालकर Collect Request को Approve करने पर पैसे खाते से निकल जाते हैं। पुलिस टीम ने स्पष्ट किया कि UPI PIN पैसे प्राप्त करने के लिए नहीं, बल्कि भुगतान को अधिकृत करने के लिए होता है।
पुलिस टीम ने विद्यार्थियों को सलाह दी कि बिना पहचान एवं आवश्यकता के प्राप्त किसी भी UPI Collect Request को स्वीकार न करें। किसी अनजान व्यक्ति के कहने पर UPI PIN दर्ज न करें और भुगतान करने से पहले स्क्रीन पर प्रदर्शित नाम, राशि एवं Payment Details को ध्यानपूर्वक जांचें। यदि कोई व्यक्ति पैसे भेजने के नाम पर UPI PIN डालने, QR कोड स्कैन करने या Collect Request Approve करने के लिए कहता है, तो तुरंत सतर्क हो जाएं।
विद्यार्थियों को यह भी बताया गया कि QR कोड स्कैन करना सामान्यतः पैसे प्राप्त करने के लिए आवश्यक नहीं होता। किसी अनजान लिंक पर क्लिक करने, संदिग्ध ऐप डाउनलोड करने अथवा किसी व्यक्ति के साथ मोबाइल स्क्रीन शेयर करने से भी बचना चाहिए।
जिला पुलिस भिवानी ने आमजन से अपील की है कि “पैसे प्राप्त करने के लिए कभी भी UPI PIN न डालें और अनजान Collect Request को Approve न करें।” साइबर ठगी होने पर घबराएं नहीं और तुरंत साइबर क्राइम हेल्पलाइन नंबर 1930 पर शिकायत करें। समय पर शिकायत करने से ठगी की राशि को आगे ट्रांसफर होने से रोकने तथा उसकी रिकवरी के प्रयासों में मदद मिल सकती है।
पुलिस प्रवक्ता, भिवानी।।