अनाज मन्डी भिवानी में बाजरे की सरकारी खरीद बंद, नई अनाज मंडी में किसान परेशान : किसान सभा ने सरकार की खरीद नीति पर उठाए सवाल
भिवानी 6 अक्तूबर , 2026.
नई अनाज मण्डी भिवानी में शनिवार को 613 क्विंटल बाजरे की खरीद के बाद तीन दिन से सरकारी खरीद ठप, किसान सभा भिवानी तहसीत कमेटी ने एमएसपी पर खरीद व भावांतर लाभ देने की मांग की है
अखिल भारतीय किसान सभा तहसील भिवानी कमेटी ने मंगलवार को नई अनाज मंडी भिवानी का दौरा कर बाजरे की सरकारी खरीद व्यवस्था का जायजा लिया। किसान सभा प्रतिनिधियों ने पाया कि मंडी में भारी मात्रा में बाजरा पड़ा हुआ है, लेकिन सरकारी एजेंसियों द्वारा खरीद नहीं की जा रही है। शनिवार को मात्र 613 क्विंटल बाजरे की खरीद होने के बाद मंगलवार दोपहर तक कोई सरकारी खरीद नहीं हुई, जिससे किसानों में भारी मायूसी है।
किसान सभा के जिला प्रधान रामफल देशवाल, उपप्रधान ओम प्रकाश ने कहा कि सरकार 24 फसलों को एमएसपी पर खरीदने का प्रचार करती है, लेकिन बाजरे की सरकारी खरीद के मामले में किसानों को परेशान किया जा रहा है। उन्होंने आरोप लगाया कि सरकारी खरीद नहीं होने के कारण किसान मजबूरी में निजी व्यापारियों को 2000 से 2200 रुपये प्रति क्विंटल की दर पर बाजरा बेचने को मजबूर हैं, जबकि सरकारी एमएसपी 2900 रुपये प्रति क्विंटल है। इससे किसानों को भारी आर्थिक नुकसान उठाना पड़ रहा है और वे भावांतर योजना के लाभ से भी वंचित हो रहे हैं।
उन्होंने कहा कि सूखे और प्राकृतिक मार झेलकर किसानों ने किसी तरह बाजरे की फसल तैयार की है, लेकिन मंडी में उचित भाव न मिलने से उनकी मुश्किलें और बढ़ गई हैं। इसके अलावा जिन किसानों का ‘मेरी फसल मेरा ब्यौरा’ पोर्टल पर पंजीकरण नहीं हुआ अथवा पंजीकरण का सत्यापन लंबित है, उन्हें मंडी में बाजरा डालने तक नहीं दिया जा रहा और उन्हें वापस लौटना पड़ रहा है।
किसान सभा ने मार्केटिंग कमेटी के सचिव सन्दीप लोहान को ज्ञापन देकर तुरंत बाजरे की सरकारी खरीद शुरू करने, किसानों को एमएसपी तथा भावांतर योजना का पूरा लाभ देने, आगामी रबी सीजन में पर्याप्त खाद उपलब्ध करवाने तथा भिवानी जिले को सूखाग्रस्त घोषित करवाने की मांग की।
कार्यक्रम की अध्यक्षता तहसील प्रधान संतोष देशवाल ने की। इस दौरान किसान नेता प्रताप सिंह सिंगमार, डॉ. सुमेर सांगवान, सुखदर्शन सरोहा, ईश्वर सिंह कोंट , , करतार बोहरा , रणबीर सिंह छपार , रणबीर सिंह कोंट , रामफल कोंट , सहित किसान सभा के कई कार्यकर्ता मौजूद रहे।