साहस, स्वावलंबन और अनुशासन का प्रदर्शन
विजयपुर में संभाग स्तरीय तृतीय सोपान जांच शिविर
-----
कलेक्टर सुश्री शीला दाहिमा के मार्गदर्शन तथा जिला शिक्षा अधिकारी एवं जिला कमिश्नर स्काउट श्री यश जैन के निर्देशन में विजयपुर में संभाग स्तरीय तृतीय सोपान स्काउट-गाइड जांच शिविर आयोजित किया जा रहा है। शिविर में विभिन्न विद्यालयों से आए स्काउट एवं गाइड उत्साहपूर्वक विभिन्न गतिविधियों में सहभागिता कर अपनी दक्षता का प्रदर्शन कर रहे हैं।
शिविर के दौरान स्काउट एवं गाइड की साहस, स्वावलंबन, अनुशासन, नेतृत्व क्षमता, कठिन परिश्रम तथा विपरीत परिस्थितियों में धैर्य एवं संयम के साथ रहने की क्षमता का परीक्षण किया जा रहा है। प्रतिभागियों को विभिन्न व्यवहारिक गतिविधियों एवं परिस्थितियों के माध्यम से अपनी दक्षता साबित करने का अवसर मिल रहा है।
शिविर का उद्देश्य विद्यार्थियों में केवल स्काउटिंग कौशल विकसित करना ही नहीं, बल्कि उन्हें आत्मनिर्भर, अनुशासित, जिम्मेदार एवं विपरीत परिस्थितियों का सामना करने में सक्षम नागरिक के रूप में तैयार करना है। गतिविधियों के दौरान विद्यार्थियों में टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और सेवा की भावना को भी प्रोत्साहित किया जा रहा है।
तृतीय सोपान के बाद राज्यपाल अवार्ड की ओर बढ़ेंगे कदम
तृतीय सोपान जांच शिविर में सफल होने वाले स्काउट एवं गाइड आगामी चरण में लगभग 9 माह बाद आयोजित राज्य स्तरीय राज्यपाल अवार्ड जांच शिविर में सहभागिता करेंगे। राज्य स्तरीय जांच में सफलता प्राप्त करने वाले स्काउट एवं गाइड को राज्य का प्रतिष्ठित राज्यपाल अवार्ड प्राप्त करने का अवसर मिलेगा।
इस प्रकार तृतीय सोपान जांच शिविर विद्यार्थियों के लिए केवल एक परीक्षा नहीं, बल्कि साहस, सेवा, अनुशासन और आत्मनिर्भरता के माध्यम से व्यक्तित्व निर्माण की महत्वपूर्ण यात्रा है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur