भौतिकी को सरल बना रहे विद्यार्थी, रटने के बजाय समझने पर जोर
-----
विद्यार्थियों में विज्ञान विषय के प्रति रुचि विकसित करने और कठिन अवधारणाओं को सरल एवं रोचक ढंग से समझाने के उद्देश्य से सांदीपनी विद्यालय, श्योपुर की कक्षा-10 में तकनीक आधारित शिक्षण को बढ़ावा दिया जा रहा है।
प्राचार्य श्री अशोक खंडेलवाल ने बताया कि कक्षा में भौतिक विज्ञान के कठिन सवालों एवं अवधारणाओं को वीडियो के माध्यम से दृश्यात्मक रूप में समझाया जा रहा है, जिससे विद्यार्थी विषय को केवल रटने के बजाय उसके पीछे के सिद्धांत को समझने का प्रयास कर रहे हैं।
भौतिक विज्ञान के अध्यापन के दौरान शिक्षक श्री विठ्ठल शर्मा द्वारा मल्टीमीडिया एवं वीडियो सामग्री का प्रभावी उपयोग किया जा रहा है। वे स्वयं भी तकनीक का उपयोग करते हुए शैक्षणिक वीडियो तैयार करते हैं, जिन्हें विद्यार्थियों की आवश्यकता के अनुसार कक्षा शिक्षण में शामिल किया जाता है।
वीडियो आधारित शिक्षण से जटिल भौतिक घटनाओं, सूत्रों एवं समस्याओं को विद्यार्थियों के लिए दृश्य और व्यवहारिक संदर्भ में समझना आसान हो रहा है। कक्षा में विद्यार्थियों की सहभागिता एवं जिज्ञासा भी बढ़ी है और वे कठिन सवालों को हल करने के पीछे की प्रक्रिया को समझने में रुचि दिखा रहे हैं।
विद्यालय में अपनाई जा रही यह पहल ‘रटने के बजाय समझकर सीखने’ की अवधारणा को मजबूत कर रही है। तकनीक और पारंपरिक शिक्षण के समन्वय से विद्यार्थियों को विषय की गहरी समझ विकसित करने के साथ-साथ विज्ञान के प्रति रुचि एवं आत्मविश्वास बढ़ाने का अवसर मिल रहा है।
सांदीपनी विद्यालय की यह पहल तकनीक आधारित एवं आनंददायी शिक्षण के माध्यम से विद्यार्थियों को भविष्य की सीखने की आवश्यकताओं के अनुरूप तैयार करने की दिशा में एक प्रभावी कदम है।
-
CM Madhya Pradesh
Jansampark Madhya Pradesh
#JansamparkMP
#sheopur