रायसेन में विकसित भारत संकल्प सभा ‘‘सेवा ज्योति यात्रा‘‘ का आयोजन
स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल, विधायक डॉ चौधरी तथा श्री पटवा सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने की सहभागिता
प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने वर्चुअली कार्यक्रम को किया संबोधित
कार्यक्रम में विकसित भारत @2047 का लिया गया सामूहिक संकल्प
–––
–––
सेवा संकल्प अभियान अंतर्गत रायसेन स्थित शासकीय पॉलीटेक्निक कॉलेज में बुधवार को आयोजित विकसित भारत संकल्प सभा ‘‘सेवा ज्योति यात्रा‘‘ कार्यक्रम का स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री नरेन्द्र शिवाजी पटेल, सांची विधायक डॉ प्रभुराम चौधरी, भोजपुर विधायक श्री सुरेन्द्र पटवा, जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा द्वारा शुभारंभ किया गया। इस अवसर पर पूर्व केबीनेट मंत्री श्री रामपाल सिंह, नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती सविता सेन, कलेक्टर श्री अरूण कुमार विश्वकर्मा, एसपी श्री आशुतोष गुप्ता, जिला पंचायत सीईओ श्री कमल सोलंकी, श्री राकेश शर्मा, स्थानीय जनप्रतिनिधि, अधिकारी और नागरिक उपस्थित रहे। कार्यक्रम स्थल पर प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के उद्बोधन का लाईव प्रसारण देखा व सुना गया। केन्द्रीय कृषि मंत्री श्री शिवराज सिंह चौहान ने भी कार्यक्रम को वर्चुअली संबोधित कया। इस अवसर पर जनसम्पर्क विभाग द्वारा रायसेन जिले की विकास पुस्तिका का जनप्रतिनिधियों और आमजन को वितरण भी कराया गया।
कार्यक्रम में स्वास्थ्य राज्यमंत्री श्री पटेल ने जनसमूह को संबोधित करते हुए कहा कि हमारे यशस्वी प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी ने सेवा, सुशासन और राष्ट्रहित को सर्वाेच्च प्राथमिकता देते हुए 25 वर्षों में जनसेवा की जो नई कार्यसंस्कृति स्थापित की है, वह देशवासियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में विकसित भारत के संकल्प को जन-जन का संकल्प बनाने के लिए सभी निरंतर कार्य करते रहेंगे। उन्होंने आह्वान किया कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के विजन के अनुरूप हम सभी मिलकर वर्ष 2047 तक भारत को एक सशक्त और विकसित राष्ट्र बनाने का संकल्प साकार करें।
सांची विधायक डॉ चौधरी ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा की गौरवमयी यात्रा के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में ‘विकसित भारत संकल्प सभा’ के अंतर्गत ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन किया गया है। प्रधानमंत्री श्री मोदी का गुजरात के मुख्यमंत्री से लेकर भारत के प्रधानमंत्री तक का यह सफर कर्तव्यनिष्ठा, अथक परिश्रम और राष्ट्र के प्रति अटूट समर्पण की प्रेरक गाथा है। गरीब के जीवन में खुशहाली, युवाओं को अवसर, मातृशक्ति को सम्मान और समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास पहुँचाने का उनका संकल्प हम सभी को जनसेवा की प्रेरणा देता है।
भोजपुर विधायक श्री पटवा ने अपने उद्बोधन में कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेन्द्र मोदी के मार्गदर्शन में भारत विकास और जनकल्याण के पथ पर निरंतर अग्रसर है। प्रधानमंत्री श्री मोदी सतत् राष्ट्र सेवा करते हुए भारत को विकास एवं प्रगति की नई ऊंचाइयों तक ले जा रहे हैं। गरीब, किसान, युवा, महिला प्रत्येक वर्ग के विकास और कल्याण के लिए यह सरकार प्राथमिकता से काम कर रही है। प्रधानमंत्री श्री मोदी के नेतृत्व में पूरे विश्व में भारत का मान-सम्मान बढ़ा है। विकास के साथ-साथ उन्होंने जनहितैषी योजनाओं के माध्यम से समाज के अंतिम पंक्ति के व्यक्ति के कल्याण के लिए काम किया है। जिला पंचायत अध्यक्ष श्री यशवंत मीणा तथा श्री राकेश शर्मा ने भी संबोधित किया। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के जनसेवा से राष्ट्रसेवा के गौरवमयी सफर के 25 वर्ष पूर्ण होने के उपलक्ष्य में रायसेन नगर में ‘सेवा ज्योति यात्रा’ का आयोजन हुआ। पॉलिटेक्निक कॉलेज से प्रारंभ होकर सेवा ज्योति यात्रा नगर के विभिन्न क्षेत्रों में पहुंची। इसके उपरांत सेवा ज्योति यात्रा रथ विधानसभा क्षेत्रों के लिए रवाना हुए।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh JDjansampark Bhopal Collector Office Raisen