दिशा की बैठक में विकास कार्यों की समीक्षा: दमोह-जबलपुर फोरलेन से लेकर मेडिकल कॉलेज और ‘दमयंती चना’ प्रोसेसिंग यूनिट पर हुई चर्चा
सांसद राहुल सिंह लोधी की अध्यक्षता में जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक, निर्माण कार्यों में गुणवत्ता और योजनाओं के समयबद्ध क्रियान्वयन पर जोर
दमोह। जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति (दिशा) की बैठक बुधवार को सांसद राहुल सिंह लोधी की अध्यक्षता में आयोजित हुई। बैठक में केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न योजनाओं की प्रगति, जिले में चल रहे विकास कार्यों, स्वास्थ्य, पेयजल, सड़क, रोजगार, कृषि, मत्स्य पालन, रेलवे सहित अन्य विषयों की विस्तार से समीक्षा की गई। सांसद ने अधिकारियों को योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने और विकास कार्यों को निर्धारित समयसीमा में पूरा कराने के निर्देश दिए।
दमोह-जबलपुर राष्ट्रीय राजमार्ग होगा फोरलेन
सांसद राहुल सिंह लोधी ने कहा कि दमोह से जबलपुर जाने वाला राष्ट्रीय राजमार्ग पहले टू-लेन था। केंद्रीय सड़क एवं परिवहन मंत्री से मुलाकात और निरंतर प्रयासों के बाद इसे फोरलेन में परिवर्तित किया गया है। सिंग्रामपुर में करीब 3.5 किलोमीटर हिस्से में एलिवेटेड रोड का निर्माण प्रस्तावित है। इससे यातायात सुगम होने के साथ वन्यजीवों के आवागमन में भी सुविधा होगी। एलिवेटेड मार्ग के नीचे से वन्यजीव आसानी से गुजर सकेंगे।
उन्होंने बताया कि बकस्वाहा की ओर से आने वाले मार्ग, मुख्यमंत्री द्वारा एमपीआरडीसी को दिए गए करीब 74 किलोमीटर लंबे सागर-दमोह मार्ग और जबलपुर-सागर फोरलेन को इस तरह जोड़ने की योजना है कि यातायात को नीचे उतरने की आवश्यकता न पड़े। तीनों दिशाओं की कनेक्टिविटी सर्किल के रूप में विकसित होने से क्षेत्र में आवागमन आसान होगा और विकास को नई गति मिलेगी।
मेडिकल कॉलेज जल्द होगा शुरू
सांसद ने कहा कि दमोह मेडिकल कॉलेज में पानी की समस्या का समाधान कर दिया गया है। मेडिकल कॉलेज अब पूर्णता की ओर है और जल्द ही मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव द्वारा इसका शुभारंभ किए जाने की संभावना है। उन्होंने इसे जिले के लिए बड़ी उपलब्धि बताते हुए कहा कि मेडिकल कॉलेज शुरू होने के बाद जिलेवासियों को बेहतर और आधुनिक स्वास्थ्य सुविधाएं स्थानीय स्तर पर मिल सकेंगी।
दमोह में स्थापित होगी ‘दमयंती चना’ प्रोसेसिंग यूनिट
सांसद ने बताया कि ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ के तहत दमोह में ‘दमयंती चना’ की प्रोसेसिंग यूनिट स्थापित करने के प्रयास किए जा रहे हैं। इससे चने के प्रसंस्करण और मूल्य संवर्धन को बढ़ावा मिलेगा। किसानों को बेहतर बाजार मिलने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे।
उन्होंने दमोह में टमाटर के प्रसंस्करण और सॉस निर्माण को बढ़ावा देने की बात भी कही। इच्छुक लोगों को ऋण उपलब्ध कराकर स्वरोजगार एवं उद्यम स्थापित करने के लिए प्रोत्साहित किया जाएगा। बैठक में स्टार्टअप इंडिया और रोजगार मेलों से संबंधित गतिविधियों की भी समीक्षा की गई।
मत्स्य योजनाओं की जानकारी आमजन तक पहुंचाने के निर्देश
मत्स्य विभाग की योजनाओं की समीक्षा के दौरान सांसद ने कहा कि मत्स्य पालन के क्षेत्र में केंद्र सरकार की कई योजनाएं संचालित हैं। अधिकारियों को निर्देश दिए कि लोगों को योजनाओं, पात्रता और उपलब्ध सुविधाओं की जानकारी देने के लिए वर्कशॉप और जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएं, ताकि अधिक से अधिक हितग्राही योजनाओं का लाभ उठा सकें।
करैया में 800 मीटर का रैक प्वाइंट तैयार
सांसद ने बताया कि करैया में करीब 800 मीटर लंबा रैक प्वाइंट तैयार हो गया है। दमोह का रैक प्वाइंट करैया में शिफ्ट होने के बाद गेहूं, चना और यूरिया की एक साथ लोडिंग की सुविधा मिल सकेगी। इससे शहर में ट्रैफिक का दबाव भी कम होगा।
उन्होंने कहा कि संपर्क क्रांति और गोंडवाना एक्सप्रेस से दिल्ली की ओर जाने वाले यात्रियों को बारिश में शेड नहीं होने के कारण परेशानी होती है। आगामी एक से डेढ़ वर्ष में शेड निर्माण सहित अन्य व्यवस्थाओं को मजबूत करने का प्रयास किया जाएगा।
‘दिशा’ बैठक जिले को देगी नई दिशा और दशा
जिला पंचायत अध्यक्ष रंजीता गौरव पटेल ने कहा कि जिला विकास समन्वय एवं निगरानी समिति की बैठक प्रत्येक तीन माह में आयोजित होती है। इसे ‘दिशा’ की बैठक के नाम से भी जाना जाता है। बैठक में केंद्र सरकार की योजनाओं की प्रगति, क्रियान्वयन और जिले के विकास से जुड़े महत्वपूर्ण विषयों पर चर्चा हुई। उन्होंने कहा कि दिशा की यह बैठक दमोह जिले को नई दिशा और नई दशा देने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगी।
गुणवत्ता से समझौता नहीं, लापरवाही पर होगी कार्रवाई
कलेक्टर प्रताप नारायण यादव ने कहा कि बैठक में विकास कार्यों को सही दिशा और निर्धारित समयसीमा में पूरा करने तथा योजनाओं का लाभ आमजन तक पहुंचाने पर चर्चा की गई। पेयजल, स्वास्थ्य, मध्याह्न भोजन, इंफ्रास्ट्रक्चर, गौशालाओं सहित विभिन्न कार्यों की समीक्षा की गई। पिछली बैठक में लिए गए निर्णयों के पालन की भी जानकारी ली गई।
कलेक्टर ने निर्माण कार्यों की गुणवत्ता पर विशेष जोर देते हुए कहा कि कई बार नई बनी इमारतों की छत से पानी टपकने लगता है या कुछ वर्षों में ही भवन जर्जर हो जाते हैं। इससे शासन की राशि का अपेक्षित लाभ नहीं मिल पाता और बच्चों एवं आमजन को परेशानी होती है। स्कूलों और आंगनवाड़ी केंद्रों के निर्माण में गुणवत्ता सुनिश्चित करने तथा लापरवाही करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई के निर्देश दिए गए।
सड़क और नल-जल कार्यों में तेजी के निर्देश
बैठक में सड़कों के निर्माण में हो रही देरी का मुद्दा भी उठा। सांसद एवं जनप्रतिनिधियों ने कहा कि विकास कार्यों के लिए पर्याप्त राशि उपलब्ध कराई जा रही है, इसलिए निर्माण कार्य समय पर पूरे किए जाएं। तेंदूखेड़ा क्षेत्र में नल-जल योजना के तहत पाइपलाइन बिछाने के बाद खोदे गए गड्ढों को समय पर नहीं भरने पर भी चर्चा हुई। कलेक्टर ने संबंधित एजेंसी को कार्य पूर्ण होते ही गड्ढे भरने के निर्देश दिए।
सड़कों से गौवंश हटाकर गौशालाओं में पहुंचाने के निर्देश
सड़कों पर आवारा गौवंश के कारण होने वाली दुर्घटनाओं को रोकने के लिए भी निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने कहा कि सड़क पर आने वाले गौवंश को नजदीकी गौशालाओं में पहुंचाने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इससे गौवंश की सुरक्षा के साथ वाहन चालकों और आमजन का आवागमन भी सुरक्षित होगा।
125 दिनों की रोजगार गारंटी वाले कार्यों की जानकारी दी
जिला पंचायत सीईओ प्रवीण फुलपगारे ने वीबी राम जी राम योजना के संबंध में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रति वित्तीय वर्ष 125 दिनों की वैधानिक मजदूरी रोजगार गारंटी का प्रावधान है। योजना में जल सुरक्षा, ग्रामीण इंफ्रास्ट्रक्चर, आजीविका से जुड़े इंफ्रास्ट्रक्चर तथा मौसमजनित घटनाओं से निपटने वाले कार्यों पर फोकस किया गया है।
उन्होंने बताया कि शासन ने वर्तमान में विभिन्न कार्य शुरू करने की अनुमति दी है। इनमें कंटूर ट्रेंच, बोल्डर चेक, गैबियन संरचना, रूफटॉप वाटर हार्वेस्टिंग, कूप पुनर्भरण, बोरवेल व हैंडपंप के समीप सोकपिट/रिचार्ज पिट, ‘एक बगिया मां के नाम’, गंगोत्री हरित परियोजना, मां नर्मदा परिक्रमा पथ पर पौधरोपण, वन विभाग की नर्सरी, लघु पशु शेड, मुर्गी शेड, बकरी शेड और सुगम संपर्कता सड़क निर्माण शामिल हैं।
बैठक में समिति के सदस्य, जनप्रतिनिधि और संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।
Collector Office Damoh
कार्यालय- सांसद दमोह मीडिया
Rahul Singh Lodhi
PRO Damoh