बारिश से मडियादो-बर्धा मार्ग पर उफना जंगली नाला, जान जोखिम में डालकर गुजरे राहगीर; शिक्षकों ने किया ई-अटेंडेंस का प्रयास
दमोह। जिले में पिछले चार दिनों से जारी झमाझम बारिश के चलते बुधवार सुबह हटा ब्लॉक के मडियादो क्षेत्र में जंगली नाला उफान पर आ गया। मडियादो-बर्धा मार्ग पर नाले का पानी सड़क से करीब दो फीट ऊपर बहने लगा, जिससे आवागमन बाधित हो गया। इस दौरान कुछ राहगीर जान जोखिम में डालकर उफनते नाले को पार करते नजर आए।
नाले के दूसरी ओर स्कूल जाने वाले मडियादो संकुल के कनकपुरा, मेलवारा और नरगी गांव के शिक्षक मलवारा तिराहा पर पानी के कारण रुक गए। शिक्षकों ने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को नाला उफान पर होने की जानकारी दी और मौके से ई-अटेंडेंस लगाने का प्रयास किया, लेकिन नेटवर्क नहीं मिलने से अटेंडेंस दर्ज नहीं हो सकी।
करीब डेढ़ घंटे बाद दोपहर 12:30 बजे नाले का पानी कम हुआ, जिसके बाद शिक्षक स्कूलों की ओर रवाना हुए। घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो रहा है।