टीबी मुक्त भारत अभियान के तहत रायसेन में अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ
––––
––––
टीबी मुक्त भारत अभियान के अंतर्गत मेरा युवा भारत रायसेन, युवा कार्यक्रम एवं खेल मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा स्वास्थ्य विभाग के टीबी सेल के समन्वय से आज 18 से 22 अगस्त 2026 तक अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया जा रहा है। कार्यक्रम के प्रथम दिवस आज ओरिएंटेशन कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें युवाओं को टीबी (क्षय रोग) के कारण, लक्षण, बचाव एवं उपचार के संबंध में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। स्वास्थ्य विभाग के विशेषज्ञों द्वारा बताया गया कि टीबी एक उपचार योग्य बीमारी है तथा समय पर जांच और नियमित उपचार से इसे पूरी तरह ठीक किया जा सकता है। साथ ही टीबी की रोकथाम, जागरूकता, पोषण, स्वच्छता तथा समाज में टीबी से जुड़े भ्रम एवं भेदभाव को दूर करने के लिए युवाओं की भूमिका पर भी प्रकाश डाला गया।
कार्यक्रम में युवाओं को टीबी उन्मूलन अभियान से जुड़कर समुदाय में जागरूकता फैलाने तथा लोगों को समय पर जांच एवं उपचार के लिए प्रेरित करने का संदेश दिया गया। अनुभवात्मक शिक्षण कार्यक्रम के आगामी दिवसों में युवाओं को टीबी उन्मूलन से संबंधित विभिन्न गतिविधियों एवं स्वास्थ्य सेवाओं की व्यावहारिक जानकारी प्रदान की जाएगी। मेरा युवा भारत रायसेन द्वारा आयोजित इस पहल का उद्देश्य युवाओं को टीबी मुक्त भारत के संकल्प से जोड़ते हुए उन्हें स्वास्थ्य जागरूकता के प्रभावी दूत के रूप में तैयार करना है, ताकि सामुदायिक सहभागिता के माध्यम से रायसेन जिले को टीबी मुक्त बनाने की दिशा में प्रभावी प्रयास किए जा सकें। कार्यक्रम में अनुभागीय अधिकारी श्री मनीष शर्मा, सीएमएचओ डॉ. दिनेश खत्री, जिला क्षय रोग अधिकारी श्री यशपाल बाल्यान, मेरा युवा भारत रायसेन की उप निदेशक श्रीमती मोनिका चौधरी सहित जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे।
#Raisen Jansampark Madhya Pradesh Collector Office Raisen