महापौर सिंघवी ने किया नाला निर्माण कार्य का निरीक्षण,
नाला निर्माण कार्य में तेजी के निर्देश, गुणवत्ता से समझौता नहीं
उदयपुर। शहर की जल निकासी व्यवस्था को बेहतर बनाने के उद्देश्य से नगर निगम द्वारा नाला निर्माण एवं सुदृढ़ीकरण के कार्य प्राथमिकता से करवाए जा रहे हैं। मंगलवार को महापौर पारस सिंघवी ने सुखाड़िया समाधि के समीप चल रहे नाला निर्माण कार्य का आकस्मिक निरीक्षण किया। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्माण कार्य में तेजी लाते हुए इसे जल्द पूरा करने के निर्देश दिए।
महापौर ने बताया कि पूर्व में बारिश के दौरान दुर्गा नर्सरी क्षेत्र के अशोक नगर तिराहे पर नाला क्षतिग्रस्त होने से जल निकासी प्रभावित हुई थी। भविष्य में ऐसी स्थिति नहीं बने, इसके लिए दुर्गा नर्सरी से लेक सिटी मॉल तक नाले का नए सिरे से निर्माण करवाया जा रहा है।
सिंघवी ने कहा कि यह शहर का प्रमुख और व्यस्त मार्ग है, जहां प्रतिदिन बड़ी संख्या में वाहनों की आवाजाही होती है। पर्यटन सीजन भी शुरू होने वाला है, ऐसे में निर्माण कार्य को समयबद्ध तरीके से पूरा करना जरूरी है, ताकि आमजन और पर्यटकों को परेशानी न हो।
गुणवत्ता से समझौता नहीं
महापौर ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि निर्माण कार्य में निर्धारित मापदंडों का पूरी तरह पालन किया जाए और गुणवत्ता से किसी भी स्तर पर समझौता नहीं हो। उन्होंने कार्य की नियमित निगरानी करने तथा लापरवाही पाए जाने पर कार्रवाई के निर्देश भी दिए।
शहरवासियों से सहयोग की अपील
महापौर पारस सिंघवी ने शहरवासियों से निर्माण कार्य के दौरान सहयोग करने की अपील की। उन्होंने कहा कि सुबह ऑफिस समय और शाम से देर रात तक इस मार्ग पर यातायात का दबाव अधिक रहता है। ऐसे में निर्माण कार्य पूरा होने तक शहरवासी यथासंभव वैकल्पिक मार्गों का उपयोग करें, ताकि यातायात दबाव और असुविधा को कम किया जा सके।