पर्यटन सीजन से पहले उदयपुर की यातायात व्यवस्था सुधारने को लेकर महत्वपूर्ण बैठक
पहले समझाईश फिर होगी सख्ती - अमृता दुल्हन
शहर बचाना है तो यातायात व्यवस्था में करना होगा अभूतपूर्व सुधार - महापौर पारस सिंघवी
उदयपुर। आगामी पर्यटन सीजन को देखते हुए उदयपुर शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ एवं व्यवस्थित करने के उद्देश्य से जिला पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन की अध्यक्षता में मंगलवार को महत्वपूर्ण बैठक आयोजित हुई। बैठक में नगर निगम महापौर पारस सिंघवी, अतिरिक्त जिला पुलिस अधीक्षक उमेश ओझा, डिप्टी ट्रैफिक भँवर लाल, शहर के अधिकांश थानों के पुलिस निरीक्षक, नगर निगम, यूडीए , पर्यटन विभाग के अधिकारी, विभिन्न संस्थाओं के प्रतिनिधि एवं शहर के गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
बैठक में शहर में लगातार बढ़ रहे यातायात दबाव, पर्यटक वाहनों की आवाजाही, स्थायी रूप से खड़े रहने वाले वाहनों एवं बसों, अतिक्रमण, पार्किंग व्यवस्था तथा प्रमुख मार्गों पर जाम की स्थिति को लेकर विस्तार से चर्चा की गई। अधिकारियों एवं जन प्रतिनिधियों ने यातायात व्यवस्था में सुधार के लिए कई महत्वपूर्ण सुझाव दिए तथा जल्द ही इन पर प्रभावी कार्रवाई शुरू करने पर सहमति बनी।
पहले समझाईश फिर होगी सख्ती।
जिला पुलिस अधीक्षक अमृता दुल्हन ने स्पष्ट रूप से कहा है कि शहर की ट्रैफिक व्यवस्था को सुधारने में पहले अतिक्रमण नहीं करने एवं व्यवस्था को सुधारने को लेकर समझाइश की जाएगी, व्यापारी वर्ग एवं सभी संस्थाओं से अपील की जाएगी इसके उपरांत भी यदि कोई व्यवस्था सुधारने में सहयोग नहीं देगा तो उसके खिलाफ सख्ती से कार्रवाई की जाएगी।
स्थायी रूप से खड़ी बसों के खिलाफ चलेगा अभियान।
बैठक में शहर के विभिन्न स्थानों पर लंबे समय से स्थायी रूप से खड़ी रहने वाली बसों के खिलाफ विशेष अभियान चलाने का निर्णय लिया गया। पर्यटन सीजन के दौरान शहर में प्रवेश करने वाली पर्यटक बसों के संचालन एवं पार्किंग व्यवस्था को लेकर भी विस्तृत विचार-विमर्श किया गया। पर्यटक बसों के लिए व्यवस्थित व्यवस्था बनाने तथा शहर के यातायात पर उनके प्रभाव को कम करने के लिए जल्द ही आम राय बनाकर कार्ययोजना तैयार की जाएगी।
बैठक में महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि उदयपुर में आने वाले पर्यटकों को केंद्र में रखते हुए भविष्य की यातायात व्यवस्था की रूपरेखा तैयार की जानी चाहिए। पर्यटकों को शहर के प्रमुख पर्यटन स्थलों तक सुगमता से पहुंचने और बिना अनावश्यक जाम में फंसे शहर का भ्रमण करने की सुविधा मिलना आवश्यक है।
गुलाब बाग पार्किंग को जल्द मिलेगा मूर्त रूप।
महापौर सिंघवी ने गुलाब बाग पार्किंग स्थल को लेकर भी बैठक में जानकारी दी। उन्होंने बताया कि वर्तमान में उक्त पार्किंग स्थल पर न्यायालय का स्टे है, जिसके जल्द हटने की उम्मीद है। स्टे हटने के बाद पार्किंग स्थल को शीघ्र विकसित कर उपयोग में लिया जाएगा। यहां लगभग 125 बसों एवं 300 से अधिक कारों की पार्किंग की सुविधा उपलब्ध हो सकेगी। इससे विशेष रूप से पर्यटन सीजन में शहर में आने वाले पर्यटक वाहनों को बड़ी राहत मिलेगी और मुख्य बाजारों एवं पर्यटन स्थलों पर यातायात दबाव कम होगा।
प्रमुख मार्गों पर अतिक्रमण हटाने के निर्देश।
बैठक में जगदीश चौक, गंनंगौर घाट क्षेत्र के आसपास हो रहे अतिक्रमण को तत्काल हटाने के निर्देश दिए गए। महापौर ने स्पष्ट कहा कि शहर के किसी भी स्थान पर यातायात में बाधक बनने वाले अतिक्रमण को बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। रानी रोड सहित अन्य प्रमुख मार्गों पर भी अतिक्रमण हटाने एवं यातायात सुचारू करने के निर्देश दिए गए।
महापौर ने सूरजपोल क्षेत्र में अमृत नमकीन के सामने स्थित कॉम्प्लेक्स के बाहर किए गए अतिक्रमण को हटाकर वहां पेंसिल डिवाइडर लगाने के निर्देश दिए। इसके साथ ही सायफन चौराहा सहित शहर के अन्य प्रमुख चौराहों की यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित रूप से विकसित करने पर भी चर्चा हुई।
बापू बाजार और सूरजपोल में ठेले हटेंगे।
बैठक में बापू बाजार में सड़क एवं यातायात में बाधा बन रहे ठेलों को हटाने तथा सूरजपोल पुलिस चौकी के आसपास लगे ठेलों को भी व्यवस्थित रूप से हटाने का निर्णय लिया गया। उदियापोल से परागोंन वाली सड़क को एकतरफा यातायात व्यवस्था के अनुरूप विकसित करने तथा राज्य दर्शन मार्ग को भी एक तरफ यातायात व्यवस्थित करने पर चर्चा हुई।
पुलिस अधीक्षक अमृता दुल्हन एवं महापौर पारस सिंघवी ने की अपील।
पुलिस अधीक्षक अमृता दुल्हन एवं महापौर पारस सिंघवी ने सभी व्यापारियों एवं शहरवासियों से सहयोग की अपील करते हुए कहा कि यातायात व्यवस्था को सुधारने के लिए प्रशासन के साथ-साथ व्यापारियों एवं आमजन का सहयोग भी जरूरी है। शहर में यातायात व्यवस्था को व्यवस्थित बनाने के लिए शहर प्रशासन द्वारा की जा रही कवायत में अपना सहयोग प्रदान करें।
पुलिस और नगर निगम मिलकर करेंगे कार्रवाई।
जिला पुलिस अधीक्षक अमृता दुहन ने कहा कि बैठक में लिए गए सभी निर्णयों का जल्द से जल्द प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित किया जाएगा। नगर निगम एवं पुलिस प्रशासन संयुक्त रूप से कार्य करते हुए शहर की यातायात व्यवस्था को सुदृढ़ बनाएंगे। उन्होंने कहा कि यातायात सुधार के लिए आवश्यक स्थानों पर कार्रवाई, अतिक्रमण हटाने तथा पार्किंग एवं यातायात प्रबंधन को लेकर समन्वय से कार्य किया जाएगा।
महापौर पारस सिंघवी ने कहा कि यदि हमें उदयपुर शहर को बचाना है और पर्यटन की पहचान को बनाए रखना है तो सबसे पहले यातायात व्यवस्था में पूरी तरह सुधार करना होगा। वर्तमान में पर्यटक कई बार तीन से चार घंटे तक शहर के जाम में फंसे रहते हैं। इससे उदयपुर के प्रति गलत संदेश जाता है और पर्यटक दोबारा आने से भी बच सकते हैं। हमें पर्यटन सीजन शुरू होने से पहले ही ठोस एवं स्थायी समाधान लागू करने होंगे।
बैठक में उपस्थित सभी अधिकारियों एवं प्रतिनिधियों ने शहर की यातायात व्यवस्था को बेहतर बनाने के लिए समन्वित प्रयास करने तथा लिए गए निर्णयों को प्राथमिकता के आधार पर लागू करने पर सहमति व्यक्त की।