सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत ‘सेवा में मेरा योगदान’ कार्यक्रम के तहत राष्ट्रपिता महात्मा गांधी जी की जयंती के अवसर पर बिजुरी के वार्ड क्रमांक 15 स्थित भावनिया मंदिर परिसर में विशेष स्वच्छता अभियान आयोजित किया गया। राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल की उपस्थिति में मंदिर परिसर स्थित तालाब एवं आसपास के क्षेत्र की साफ-सफाई की गई। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता, जनभागीदारी एवं जलस्रोतों के संरक्षण का संदेश दिया गया।
अभियान के दौरान जनप्रतिनिधियों, नगर पालिका के अधिकारियों-कर्मचारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने सहभागिता करते हुए तालाब परिसर में श्रमदान किया। तालाब एवं आसपास एकत्रित कचरे की सफाई की गई तथा परिसर को स्वच्छ बनाए रखने के लिए नागरिकों को जागरूक किया गया। इस अवसर पर नगर की स्वच्छता व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ बनाने, स्वच्छता कार्यों की प्रभावी मॉनिटरिंग एवं जनभागीदारी बढ़ाने के संबंध में भी चर्चा की गई।
राज्य मंत्री श्री दिलीप जायसवाल ने कहा कि स्वच्छता केवल एक दिन का अभियान नहीं, बल्कि हम सभी की निरंतर जिम्मेदारी है। गांधी जयंती के अवसर पर ‘सेवा संकल्प अभियान’ के तहत ‘सेवा में मेरा योगदान’ कार्यक्रम में तालाब की साफ-सफाई कर स्वच्छता का संदेश दिया गया है। उन्होंने कहा कि हमारे जलस्रोत और सार्वजनिक स्थल स्वच्छ रहें, इसके लिए जनभागीदारी आवश्यक है। सफाई मित्र प्रतिदिन समर्पण के साथ स्वच्छता का कार्य करते हैं, उनके योगदान का सम्मान करना हम सभी का दायित्व है।
इस अवसर पर स्वच्छता कार्यों में महत्वपूर्ण योगदान देने वाले सफाई मित्रों को शॉल एवं नारियल भेंट कर सम्मानित किया गया तथा उन्हें पीपीई किट प्रदान की गई। राज्य मंत्री श्री जायसवाल ने सफाई मित्रों के सेवाभाव एवं समर्पण की सराहना की। कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष श्रीमती साहबिन पनिका, मुख्य नगर पालिका अधिकारी श्री पवन कुमार साहू, इंजीनियर एवं पार्षदगण सहित संबंधित अधिकारी, कर्मचारी एवं जनप्रतिनिधि उपस्थित रहे। कार्यक्रम के माध्यम से स्वच्छता के साथ सफाई मित्रों के सम्मान, जलस्रोतों के संरक्षण एवं जनभागीदारी का संदेश दिया गया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan
#anuppur
2 views | Anuppur, Madhya Pradesh | Oct 2, 2026