सेवा संकल्प अभियान के अंतर्गत महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा आँगनवाड़ी केंद्र क्रमांक 14/2, अनूपपुर में आँगन मिलन सेवा कार्यक्रम आयोजित किया गया। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य अनुसूचित जनजाति आयोग के अध्यक्ष श्री रामलाल रौतेल ने सहभागिता की। कार्यक्रम में महिलाओं एवं बच्चों के स्वास्थ्य, पोषण, महिला सशक्तिकरण तथा शासन की योजनाओं के प्रति जागरूकता से जुड़ी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की गईं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए श्री रामलाल रौतेल ने बच्चों के स्वस्थ विकास के लिए उचित पोषण एवं नियमित देखभाल को महत्वपूर्ण बताया। उन्होंने महिलाओं से शासन द्वारा संचालित योजनाओं की जानकारी प्राप्त कर पात्रतानुसार लाभ लेने तथा बच्चों के स्वास्थ्य, शिक्षा एवं पोषण पर विशेष ध्यान देने का आह्वान किया। उन्होंने आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं द्वारा समुदाय स्तर पर महिलाओं एवं बच्चों को दी जा रही सेवाओं की सराहना की।
कार्यक्रम में पोषण प्रदर्शनी लगाई गई, जिसमें स्थानीय स्तर पर उपलब्ध खाद्य सामग्री से तैयार विभिन्न पौष्टिक व्यंजनों का प्रदर्शन किया गया। महिलाओं एवं अभिभावकों को बच्चों के संतुलित आहार, उचित पोषण एवं स्वस्थ जीवनशैली के संबंध में जानकारी दी गई। महिला सशक्तिकरण के अंतर्गत महिलाओं एवं बालिकाओं को उनके अधिकारों तथा शासन द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी भी दी गई।
इस अवसर पर आँगनवाड़ी कार्यकर्ता द्वारा विभागीय सेवाओं एवं योजनाओं को समुदाय तक पहुंचाने में किए जा रहे कार्यों के लिए सम्मान किया गया। अतिथियों ने आँगनवाड़ी कार्यकर्ताओं की भूमिका की सराहना करते हुए उन्हें सेवाओं का लाभ अधिक से अधिक पात्र महिलाओं एवं बच्चों तक पहुंचाने के लिए प्रेरित किया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #anuppur
13 views | Anuppur, Madhya Pradesh | Oct 1, 2026