केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्राम सेहराई में हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ
शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाना शासन-प्रशासन की सर्वोच्च प्राथमिकता : श्री सिंधिया
--
केंद्रीय संचार एवं पूर्वोत्तर क्षेत्र विकास मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया द्वारा विकासखंड मुंगावली अंतर्गत ग्राम पंचायत सेहराई में आयोजित कार्यक्रम में विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के पात्र हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण किया गया।इस अवसर पर केंद्रीय मंत्री श्री सिंधिया ने कहा कि शासन एवं प्रशासन हितग्राहियों के कल्याण, सामाजिक-आर्थिक उत्थान तथा जीवन स्तर में सुधार के लिए पूर्णतः प्रतिबद्ध है। शासन की विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पात्र हितग्राहियों तक पहुंचाने के लिए निरंतर प्रभावी प्रयास किए जा रहे हैं, जिससे आमजन इन योजनाओं से लाभान्वित हो सकें। उन्होंने कहा कि शासन की प्राथमिकता है कि प्रत्येक पात्र हितग्राही को निर्धारित पात्रता के अनुसार योजनाओं का लाभ समयबद्ध रूप से प्राप्त हो तथा कोई भी पात्र व्यक्ति शासन की कल्याणकारी योजनाओं के लाभ से वंचित न रहे। इस दिशा में प्रशासन द्वारा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन एवं हितग्राहियों तक लाभ पहुंचाने के लिए निरंतर कार्य किया जा रहा है।
केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने ग्राम सेहराई में 1 करोड़ 41 लाख रुपये के विभिन्न निर्माण कार्यों का किया लोकार्पण एवं भूमिपूजन
केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने विकासखंड मुंगावली की ग्राम पंचायत सेहराई में 1 करोड़ 41 लाख रुपये की लागत के विभिन्न निर्माण कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन किया। इस अवसर पर उन्होंने क्षेत्र में विकास कार्यों को गति देने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के प्रति शासन की प्रतिबद्धता को रेखांकित किया।
केंद्रीय मंत्री श्री ज्योतिरादित्य सिंधिया ने हितग्राहियों को वितरित किए हितलाभ
विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं के तहत हितग्राही लाभान्वित, स्व-सहायता समूहों के लिए 66 लाख रुपये की राशि स्वीकृत
केंद्रीय मंत्री द्वारा विभिन्न शासकीय जनकल्याणकारी योजनाओं के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को हितलाभ वितरित किए गए। कार्यक्रम के दौरान पात्र हितग्राहियों को विभिन्न योजनाओं के स्वीकृति-पत्र एवं हितलाभ प्रदान किए गए।
इस दौरान 5 स्व-सहायता समूहों के लिए 66 लाख रुपये की राशि स्वीकृत की गई। इसके साथ ही कल्याणी पेंशन, वृद्धावस्था पेंशन, संबल योजना के अंतर्गत अनुग्रह सहायता एवं नवीन संबल कार्ड, प्रधानमंत्री आवास योजना, व्यक्तिगत शौचालय निर्माण, बकरी पालन तथा उद्यम क्रांति योजना के अंतर्गत पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित किया गया। कार्यक्रम में आठ छात्र-छात्राओं को जाति प्रमाण-पत्र भी वितरित किए गए, जिससे उन्हें शैक्षणिक एवं अन्य शासकीय योजनाओं का लाभ प्राप्त करने में सुविधा हो सकेगी।
कार्यक्रम में मुंगावली विधायक श्री बृजेंद्र सिंह यादव, भाजपा जिला अध्यक्ष श्री आलोक तिवारी, कलेक्टर श्री साकेत मालवीय, पुलिस अधीक्षक श्री राजीव कुमार मिश्रा सहित अन्य जनप्रतिनिधि, जिला अधिकारीगण एवं विभिन्न योजनाओं के हितग्राही उपस्थित रहे।
#ashoknagar