#बालाघाट
सेवा संकल्प अभियान के तहत योग एवं ध्यान सत्र आयोजित
जिलेभर में 1644 नागरिकों एवं विद्यार्थियों ने लिया योग-ध्यान का लाभ
सेवा संकल्प अभियान-2026 के अंतर्गत चल रहे ‘सेवा मेरा योगदान’ अभियान के तहत जिले में योग एवं ध्यान सत्रों का आयोजन किया गया। अभियान का उद्देश्य नागरिकों को मानसिक तनाव से राहत दिलाने तथा शारीरिक एवं मानसिक स्वास्थ्य के प्रति जागरूक करना रहा।
जिला स्तरीय मुख्य कार्यक्रम सांदीपनि विद्यालय, बालाघाट में आयोजित हुआ। कार्यक्रम में मध्य प्रदेश राज्य पिछड़ा वर्ग आयोग की सदस्य श्रीमती मौसम बिसेन, नगरपालिका परिषद बालाघाट की अध्यक्ष श्रीमती भारती ठाकुर एवं वरिष्ठ समाजसेवी तथा योग विशेषज्ञ श्री सुरजीत सिंह ठाकुर उपस्थित रहे। योग विशेषज्ञ श्री सुरजीत सिंह ठाकुर ने प्रतिभागियों को विभिन्न योगासन, प्राणायाम एवं ध्यान का प्रायोगिक अभ्यास कराया तथा नियमित योग को स्वस्थ जीवनशैली का हिस्सा बनाने के लिए प्रेरित किया। जिला आयुष अधिकारी डॉ. सवेदिता कुमरे के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में सांदीपनि विद्यालय के प्राचार्य युवराज राहंगडाले एवं विद्यालय स्टाफ सहित आयुष विभाग के चिकित्सकों, योग प्रशिक्षकों और पैरामेडिकल स्टाफ ने सहयोग दिया।
इसी क्रम में जिले के सभी विकासखंडों में भी योग एवं ध्यान सत्र आयोजित किए गए। इनमें विद्यार्थियों एवं नागरिकों को सूर्य नमस्कार, प्राणायाम, विभिन्न योगासन तथा ध्यान का अभ्यास कराया गया। जिलेभर में आयोजित इन कार्यक्रमों में कुल 1644 हितग्राहियों ने सहभागिता कर योग एवं ध्यान का लाभ लिया।
#सेवा_संकल्प_अभियान #SevaSankalpAbhiyan #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #welfaretribal #schooledump
3 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 3, 2026