उत्तर प्रदेश में इस साल मॉनसून की बारिश को लेकर लगाया गया पूर्वानुमान काफी हद तक गलत साबित हुआ। आशंका थी कि 'अल नीनो' के प्रभाव के चलते राज्य में सामान्य से कम बारिश होगी, लेकिन इसके विपरीत लखनऊ सहित राज्य के कई जिलों में जून से सितंबर तक के मॉनसून सीजन के प्रमुख चार महीनों में पिछले 18 सालों में सबसे अधिक बारिश दर्ज की गई। राज्य के 37 जिलों में औसत से कम बारिश हुई, जबकि 37 जिलों में औसत से अधिक वर्षा दर्ज की गई।
सामान्य से अधिक बरसात
भारत मौसम विज्ञान विभाग (IMD) के आंकड़ों के मुताबिक, एक जून से 30 सितंबर के बीच उत्तर प्रदेश के प्रत्येक जिले में औसत बारिश सामान्य से 8 फीसदी अधिक हुई। इस दौरान राज्य के हर जिले में औसत बारिश 802.9 मिलीमीटर हुई, जबकि सामान्य बारिश 746.2 मिलीमीटर होती है। साल 2008 के बाद यह पहली बार है जब यूपी के हर जिले में औसत से ज्यादा बारिश हुई है। सन 2008 में सामान्य से 12 प्रतिशत अधिक वर्षा हुई थी।
#monsoon #weather #upweather #upnews
Korba, Korba | Oct 1, 2026