
मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ कांग्रेस का आक्रोश मार्च, समाहरणालय पर पुतला दहन
मुजफ्फरपुर। जिला कांग्रेस कमेटी पश्चिमी की ओर से सोमवार को मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के खिलाफ आक्रोश मार्च निकाला गया। जिलाध्यक्ष कृपाशंकर शाही के नेतृत्व में कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने खुदीराम बोस स्मारक से मार्च शुरू किया, जो जिला समाहरणालय पहुंचकर समाप्त हुआ। वहां कार्यकर्ताओं ने मुख्य चुनाव आयुक्त का पुतला दहन कर विरोध प्रदर्शन किया।
प्रदर्शन के दौरान कांग्रेस नेताओं ने मतदाता सूची में कथित गड़बड़ी का आरोप लगाते हुए कहा कि बड़ी संख्या में मतदाता मतदान के अधिकार से वंचित हुए हैं। नेताओं ने दावा किया कि इससे वर्तमान सरकार को लाभ पहुंचाने का प्रयास किया गया है। साथ ही चुनाव प्रक्रिया में पारदर्शिता सुनिश्चित करने और प्रत्येक योग्य मतदाता के मतदान अधिकार की रक्षा की मांग की गई।
जिलाध्यक्ष कृपाशंकर शाही ने कहा कि लोकतंत्र में प्रत्येक योग्य मतदाता को मतदान का अधिकार मिलना चाहिए। उन्होंने आरोप लगाया कि मतदाता सूची में गड़बड़ी और मतदाताओं को उनके अधिकार से वंचित किए जाने की शिकायतों को किसी भी कीमत पर बर्दाश्त नहीं किया जाएगा।
कांग्रेस नेता सुरेश शर्मा नीरज ने कहा कि चुनाव प्रक्रिया में कथित अनियमितताओं और वर्तमान सरकार के विरोध में यह आक्रोश मार्च निकाला गया है। वहीं जिला कांग्रेस कमेटी के प्रभारी डॉ. कपिल देव प्रसाद ने कहा कि राहुल गांधी के नेतृत्व में देशभर में मुख्य चुनाव आयुक्त के खिलाफ विरोध प्रदर्शन किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि जब तक ज्ञानेश कुमार इस्तीफा नहीं देते, कांग्रेस का आंदोलन जारी रहेगा।
मुजफ्फरपुर पश्चिमी स्थापना प्रभारी आलोक शर्मा ने कहा कि चुनाव लोकतंत्र की सबसे महत्वपूर्ण प्रक्रिया है और मतदाता सूची में किसी भी प्रकार की गड़बड़ी से आम मतदाता के अधिकार प्रभावित होते हैं। उन्होंने कहा कि कांग्रेस मतदाताओं के अधिकारों और चुनाव प्रक्रिया की पारदर्शिता के लिए अपनी आवाज उठाती रहेगी।