
प्रधानमंत्री मत्स्य कृषक समृद्धि सह योजना का लाभ लेने ऑनलाइन पंजीयन कराएं
..
मछुआरे, मत्स्य किसान, विक्रेता एवं मत्स्य उद्यमी एनएफडीपी पोर्टल पर आवेदन करे
..
केन्द्र सरकार द्वारा प्रधानमंत्री मत्स्य संपदा योजना अंतर्गत केंद्रीय क्षेत्र की उपयोजना प्रधानमंत्री मत्स्य कृषक समृद्धि सह योजना का संचालन किया जा रहा है। योजना का उद्देश्य मत्स्य क्षेत्र से जुड़े मछुआरों, मत्स्य किसानों, मत्स्य विक्रेताओं एवं मत्स्य उद्यमियों को विभिन्न गतिविधियों एवं सुविधाओं का लाभ उपलब्ध कराना है। योजना का लाभ प्राप्त करने के इच्छुक पात्र हितग्राही नेशनल फिशरीज डिजिटल प्लेटफॉर्म (एनएफडीपी) पर ऑनलाइन पंजीयन कर आवेदन कर सकते हैं।
मत्स्योद्योग विभाग के सहायक संचालक श्री मुकुंदराव वंशोडकर ने बताया कि प्रधानमंत्री मत्स्य कृषक समृद्धि सह योजना के माध्यम से मत्स्य क्षेत्र से जुड़े हितग्राहियों को विभिन्न प्रकार की सुविधाएं एवं सहायता उपलब्ध कराई जा रही हैं। योजना के अंतर्गत ऋण सुविधाएं, मत्स्य सहकारी समितियों का सशक्तिकरण, जलीय कृषि बीमा, प्रदर्शन अनुदान, प्रशिक्षण एवं क्षमता निर्माण सहित अन्य गतिविधियां शामिल हैं। उन्होंने बताया कि योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए पात्र हितग्राहियों का एनएफडीपी पोर्टल/प्लेटफॉर्म पर पंजीयन आवश्यक है। जिले के पात्र एवं इच्छुक मत्स्य कृषक, मछुआरे, मत्स्य विक्रेता तथा मत्स्य उद्यमी अपना ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन करा सकते हैं।
हितग्राही अपने नजदीकी कॉमन सर्विस सेंटर (सीएससी) के माध्यम से अथवा कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग, जिला विदिशा में उपस्थित होकर ऑनलाइन पंजीयन एवं आवेदन की प्रक्रिया पूर्ण कर सकते हैं। मत्स्य विभाग द्वारा पात्र हितग्राहियों से योजना का लाभ लेने के लिए समय पर पंजीयन कराने का आग्रह किया गया है। योजना से संबंधित अधिक जानकारी प्राप्त करने के लिए राष्ट्रीय मत्स्य विकास बोर्ड, हैदराबाद के टोल फ्री नंबर 18004251660 पर संपर्क किया जा सकता है। इसके अतिरिक्त हितग्राही कार्यालय सहायक संचालक मत्स्योद्योग, जिला विदिशा से भी योजना, पात्रता, पंजीयन एवं आवेदन प्रक्रिया के संबंध में जानकारी प्राप्त कर सकते हैं। #vidisha