
सफलता की कहानी: पक्का घर मिलने से नारायण सिंह के परिवार के सपनों को मिली नई छत
..
विदिशा जिले की जनपद पंचायत विदिशा के ग्राम सलैया निवासी श्री नारायण सिंह के जीवन में प्रधानमंत्री आवास योजना खुशियों की नई सौगात लेकर आई। योजना का लाभ मिलने से पहले नारायण सिंह अपने परिवार के साथ कच्चे मकान में निवास करते थे। कच्चे घर के कारण विशेष रूप से बारिश के दिनों में परिवार को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ता था। घर की छत से पानी टपकने और घर की सुरक्षा को लेकर परिवार हमेशा चिंतित रहता था।
इसी दौरान श्री नारायण सिंह को भारत सरकार की महत्वाकांक्षी प्रधानमंत्री आवास योजना की जानकारी मिली। उन्होंने योजना का लाभ प्राप्त करने के लिए आवश्यक दस्तावेज तैयार किए और ग्राम पंचायत में संपर्क किया। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होने के बाद जब ग्राम पंचायत द्वारा उन्हें बताया गया कि उनका नाम आवास स्वीकृति की सूची में शामिल हो गया है, तो नारायण सिंह और उनके परिवार की खुशी का ठिकाना नहीं रहा। वर्षों से देखा जा रहा पक्के घर का सपना अब साकार होने की उम्मीद बन चुका था। योजना के अंतर्गत श्री नारायण सिंह को चरणबद्ध तरीके से किस्तों में राशि प्राप्त हुई। इस राशि का उपयोग कर उन्होंने अपने लिए पक्का मकान बनवाया। मकान पूर्ण होने के बाद परिवार ने राहत महसूस की।
श्री नारायण सिंह बताते हैं कि पहले बारिश के दिनों में घर को लेकर काफी परेशानी होती थी, लेकिन अब पक्का मकान बनने से परिवार सुरक्षित और खुशहाल जीवन जी रहा है। वे प्रधानमंत्री आवास योजना के लिए शासन के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कहते हैं कि इस योजना ने उनके परिवार को केवल पक्का मकान ही नहीं, बल्कि सुरक्षित और सम्मानजनक जीवन का आधार भी दिया है। #SevaSankalpAbhiyan #Vidisha