
#बालाघाट
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस पर जिलेभर में लगेंगे मेगा स्वास्थ्य शिविर
जिला चिकित्सालय सहित सभी स्वास्थ्य संस्थाओं में वृद्धजनों का होगा स्वास्थ्य परीक्षण, आयुष्मान कार्ड व हेल्थ आईडी भी बनेगी
अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस के अवसर पर जिले में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की जांच एवं उन्हें स्वास्थ्य सेवाओं से जोड़ने के उद्देश्य से जिला चिकित्सालय सहित जिले के सभी स्वास्थ्य संस्थानों में मेगा स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएंगे। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. शत्रुघन सिंह दाहिया ने बताया कि शिविरों में आने वाले वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण करने के साथ पात्र हितग्राहियों के आयुष्मान कार्ड एवं हेल्थ आईडी बनाए जाएंगे तथा आवश्यकता के अनुसार उन्हें स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
शिविरों के माध्यम से वृद्धजनों को स्वास्थ्य संबंधी सेवाओं के साथ विभिन्न शासकीय योजनाओं की जानकारी भी दी जाएगी। सामाजिक न्याय एवं दिव्यांगजन कल्याण विभाग तथा अन्य संबंधित विभागों के प्रतिनिधि शिविर में उपस्थित रहकर वृद्धजनों के लिए संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी उपलब्ध कराएंगे। शिविर का शुभारंभ जनप्रतिनिधि अथवा वरिष्ठ नागरिक के माध्यम से कराया जाएगा।
वृद्धजनों का होगा समग्र स्वास्थ्य परीक्षण
स्वास्थ्य शिविर में आने वाले वृद्धजनों का वृद्धजन स्वास्थ्य मूल्यांकन पुस्तिका के अनुसार स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा और जांच से संबंधित जानकारी दर्ज की जाएगी। स्वास्थ्यकर्मियों द्वारा वृद्धजनों की प्रमुख स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान कर आवश्यकता के अनुसार उपचार एवं परामर्श की सुविधा उपलब्ध कराई जाएगी।
जिले के सभी आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में भी अक्टूबर माह में आयोजित होने वाले आयुष्मान शिविर के अंतर्गत वृद्धजन स्वास्थ्य शिविर की गतिविधियां संचालित की जाएंगी। शहरी एवं ग्रामीण क्षेत्र के आयुष्मान आरोग्य मंदिरों, उप स्वास्थ्य केंद्रों तथा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों में आने वाले वृद्धजनों का स्वास्थ्य परीक्षण किया जाएगा।
एनसीडी, आंखों और मानसिक स्वास्थ्य की होगी जांच
शिविरों में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण के दौरान मुख्य रूप से गैर संचारी रोग (एनसीडी), मोतियाबिंद एवं अन्य नेत्र संबंधी समस्याओं, मानसिक स्वास्थ्य तथा बधिरता आदि के लिए स्क्रीनिंग की जाएगी। जरूरत के अनुसार आगे की जांच एवं उपचार के लिए स्वास्थ्य संस्थानों से जोड़ा जाएगा।
वृद्धावस्था में होने वाली गैर संचारी बीमारियों, मानसिक स्वास्थ्य समस्याओं एवं शारीरिक अक्षमता जैसे विषयों पर सामुदायिक स्वास्थ्य संवाद सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। इन सत्रों के माध्यम से वृद्धजनों और उनके परिजनों को स्वास्थ्य समस्याओं की पहचान, बचाव और समय पर उपचार के संबंध में जानकारी दी जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग द्वारा सभी संबंधित स्वास्थ्य संस्थाओं को शिविरों में वृद्धजनों के स्वास्थ्य परीक्षण की जानकारी वृद्धजन स्वास्थ्य मूल्यांकन पुस्तिका में दर्ज करने तथा पुस्तिका उपलब्ध कराने के निर्देश दिए गए हैं। साथ ही आयुष्मान आरोग्य मंदिरों में आयोजित गतिविधियों की रिपोर्ट एएएम पोर्टल पर दर्ज की जाएगी।
स्वास्थ्य विभाग ने सभी संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को निर्देश दिए हैं कि राज्य कार्यालय द्वारा निर्धारित गतिविधियों का निर्धारित समय-सीमा में पालन सुनिश्चित करते हुए अधिक से अधिक वृद्धजनों को स्वास्थ्य सेवाओं एवं शासकीय योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जाए।
#सेवा_संकल्प_अभियान #CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #healthminmp