#बालाघाट
जैविक खेती और रबी फसलों के लिए किसानों को किया जागरूक
उप संचालक कृषि श्री फूलसिंह मालवीय के मार्गदर्शन में कृषि विभाग के मैदानी अमले द्वारा किसानों को जैविक खेती, फसल विविधीकरण तथा उन्नत कृषि तकनीकों के प्रति जागरूक किया जा रहा है। इसी क्रम में 30 सितंबर को बालाघाट एवं बैहर विकासखंड के विभिन्न ग्रामों में किसानों से संपर्क कर उन्हें कृषि संबंधी आवश्यक जानकारी दी गई।
बालाघाट विकासखंड के ग्राम कुम्हारी में वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी एवं ग्रामीण कृषि विस्तार अधिकारी ने किसानों के खेतों का निरीक्षण किया। इस दौरान किसानों को जैविक खेती अपनाने के लिए प्रेरित करते हुए अग्निअस्त्र एवं नीमास्त्र जैसे जैविक कीटनाशकों के उपयोग की जानकारी दी गई। अधिकारियों ने किसानों को आगामी रबी सीजन में धान की फसल नहीं लेने तथा गेहूं, चना, सरसों, अलसी एवं मसूर जैसी रबी फसलों की खेती करने की सलाह दी। साथ ही किसानों को विभागीय योजनाओं एवं कृषि संबंधी अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान की गईं।
इसी प्रकार बैहर विकासखंड के ग्राम गोवारी में किसानों को कृषि उपयोगी स्प्रेयर पंप एवं सरसों बीज का वितरण किया गया। किसानों को इन संसाधनों का उपयोग वैज्ञानिक कृषि पद्धति के अनुसार करने तथा सरसों की उन्नत खेती के संबंध में आवश्यक जानकारी दी गई।
बैहर विकासखंड के ही ग्राम सोनपुरी में आयोजित कृषक पाठशाला में किसानों को फसलों में कीट नियंत्रण के लिए अग्निअस्त्र के उपयोग की जानकारी दी गई। साथ ही किसानों को उन्नत एवं गुणवत्तापूर्ण बीजों के चयन, फसल उत्पादन की बेहतर तकनीक तथा कृषि विभाग की योजनाओं के बारे में बताया गया।
कृषि विभाग के अधिकारियों ने किसानों से फसल उत्पादन में रासायनिक इनपुट के संतुलित उपयोग के साथ जैविक एवं प्राकृतिक कृषि पद्धतियों को अपनाने और कृषि वैज्ञानिकों एवं विभागीय अधिकारियों की सलाह के अनुसार फसल प्रबंधन करने की अपील की।
#CMMadhyaPradesh #JansamparkMP #minmpkrishi
26 views | Balaghat, Madhya Pradesh | Oct 1, 2026