
फरार अभियुक्त के घर कुर्की की कार्रवाई
जहानाबाद : पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार के निर्देश पर फरार अभियुक्तों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत घोषी थाना पुलिस ने शुक्रवार को कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार घोषी थाना कांड संख्या 528/23 में फरार चल रहे अभियुक्त नारे यादव, पिता अमर सिंह, निवासी खरहरा, थाना इस्लामपुर, जिला नालंदा के घर विधिवत कुर्की की कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम ने न्यायालय से प्राप्त आदेश के अनुपालन में अभियुक्त के घर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की। पुलिस ने बताया कि उक्त कांड में अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहा था। उसकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस द्वारा लगातार प्रयास किया जा रहा था। इसके बावजूद अभियुक्त के उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय के आदेश के आलोक में उसके घर की कुर्की की गई।
पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों में फरार एवं वांछित अभियुक्तों के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई करने का निर्देश दिया है। इसी क्रम में घोषी थाना पुलिस द्वारा यह कार्रवाई की गई। पुलिस ने बताया कि फरार अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए अभियान आगे भी जारी रहेगा।