जहानाबाद : जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के दिशा-निर्देश में आयोजित चार दिवसीय जिला स्तरीय विद्यालय खेल प्रतियोगिता-2026 का शनिवार को उत्साहपूर्ण माहौल में समापन हो गया। प्रतियोगिता में जिले के विभिन्न विद्यालयों से करीब 3000 खिलाड़ियों ने भाग लेकर विभिन्न खेल विधाओं में अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन किया।
अंतिम दिन एथलेटिक्स, फुटबॉल, ताइक्वांडो, क्रिकेट ओपन सिलेक्शन ट्रायल, कराटे, योगा और कबड्डी सहित कई प्रतियोगिताएं आयोजित की गईं। कबड्डी अंडर-19 बालिका वर्ग में प्रोजेक्ट कन्या इंटर विद्यालय काको विजेता और उच्च माध्यमिक विद्यालय नौरू उपविजेता रहा। बालक वर्ग में आदर्श उच्च विद्यालय बौरी ने पहला और उच्च माध्यमिक विद्यालय जलालपुर ने दूसरा स्थान प्राप्त किया।
फुटबॉल अंडर-17 बालक वर्ग में कायनात इंटरनेशनल विद्यालय काको विजेता और उच्च माध्यमिक विद्यालय बैरामसराय उपविजेता रहा। अंडर-19 में उच्च विद्यालय ऐनवां विजेता और उच्च विद्यालय इक्किल उपविजेता बना।
योगा में उत्क्रमित मध्य विद्यालय मनियारी, काको का दबदबा रहा। विद्यालय ने अंडर-14, अंडर-17 तथा अंडर-19 के कई वर्गों में विजेता का खिताब हासिल किया। एथलेटिक्स की 100 मीटर दौड़ में अंडर-17 बालिका वर्ग में काजल कुमारी प्रथम, अर्पना कुमारी द्वितीय और ब्यूटी कुमारी तृतीय रहीं। बालक वर्ग में अर्नव सिंह प्रथम, नितीश कुमार द्वितीय और सुमन कुमार तृतीय रहे।
200 मीटर बालिका वर्ग में किट्टु कुमारी प्रथम, ब्यूटी कुमारी द्वितीय और स्वीटी कुमारी तृतीय रहीं। बालक वर्ग में करण कुमार ने पहला, आकाश कुमार ने दूसरा और नितीश कुमार ने तीसरा स्थान प्राप्त किया। 4×100 मीटर रिले में भी खिलाड़ियों ने शानदार प्रदर्शन किया। क्रिकेट अंडर-17 और अंडर-19 बालक वर्ग के लिए ओपन सिलेक्शन ट्रायल कराया गया।
प्रतियोगिता में करीब 3000 खिलाड़ियों की सहभागिता को इस वर्ष की प्रमुख उपलब्धि बताया गया। जिला पदाधिकारी ने सभी विजेता, उपविजेता और प्रतिभागी खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए निरंतर अभ्यास, अनुशासन और खेल भावना के साथ आगे बढ़ने के लिए प्रोत्साहित किया।