
मखदुमपुर रेफरल अस्पताल का औचक निरीक्षण, मरीजों को समय पर बेहतर स्वास्थ्य सुविधा देने का निर्देश
जहानाबाद : मरीजों को सुलभ और गुणवत्तापूर्ण स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने को लेकर सिविल सर्जन डॉ. हरिश्चंद्र चौधरी ने शनिवार को सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र सह रेफरल अस्पताल, मखदुमपुर का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में संचालित विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक निर्देश दिए।
सिविल सर्जन ने इमरजेंसी विभाग, आयुष्मान भारत कक्ष, ईसीजी रूम, लैब कलेक्शन सेंटर, लैब जांच कक्ष और ड्यूटी रोस्टर का निरीक्षण किया। उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध संसाधनों, मरीजों को मिल रही सुविधाओं तथा चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों की ड्यूटी व्यवस्था की भी समीक्षा की।
निरीक्षण के दौरान प्रभारी चिकित्सा पदाधिकारी, अस्पताल प्रबंधक, प्रखंड स्वास्थ्य प्रबंधक, लिपिक एवं अन्य स्वास्थ्यकर्मियों को सेवाओं की गुणवत्ता में लगातार सुधार करने का निर्देश दिया गया। सिविल सर्जन ने कहा कि अस्पताल आने वाले मरीजों को स्वास्थ्य सेवा लेने में किसी प्रकार की परेशानी नहीं होनी चाहिए। उपलब्ध संसाधनों का बेहतर उपयोग करते हुए मरीजों को समयबद्ध उपचार और जांच की सुविधा उपलब्ध कराई जाए।
उन्होंने चिकित्सकों एवं स्वास्थ्यकर्मियों को निर्धारित ड्यूटी रोस्टर का अनिवार्य रूप से पालन करने तथा जांच समेत अन्य स्वास्थ्य सेवाओं को सुचारु रखने का निर्देश दिया। निरीक्षण के दौरान जिला कार्यक्रम प्रबंधक, प्रधान लिपिक, जिला एपिडेमियोलॉजिस्ट समेत संबंधित स्वास्थ्य पदाधिकारी एवं कर्मी उपस्थित रहे।