फरार अभियुक्तों के विरुद्ध घर पर इश्तेहार चस्पा
जागरण संवाददाता, जहानाबाद : परसबिगहा थाना क्षेत्र में विभिन्न कांडों में फरार चल रहे अभियुक्तों के विरुद्ध पुलिस ने कार्रवाई तेज कर दी है। न्यायालय के निर्देश के आलोक में पुलिस ने फरार अभियुक्तों के विरुद्ध इश्तेहार चस्पा किया। पुलिस टीम ने संबंधित स्थानों पर पहुंचकर सार्वजनिक रूप से इश्तेहार लगाया और अभियुक्तों को निर्धारित अवधि में न्यायालय के समक्ष उपस्थित होने की जानकारी दी। पुलिस के अनुसार, संबंधित अभियुक्त लंबे समय से फरार चल रहे हैं। उनकी गिरफ्तारी के लिए लगातार संभावित ठिकानों पर छापेमारी की जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया कि निर्धारित अवधि में अभियुक्तों के उपस्थित नहीं होने पर न्यायालय के आदेश के अनुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी। फरार आरोपितों की गिरफ्तारी को लेकर पुलिस टीम को आवश्यक निर्देश दिए गए हैं।