नर्मदा संवाद का जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला सम्पन्न
हरदा - मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद जिला हरदा एवं नर्मदा समग्र के संयुक्त तत्वावधान में रेवा सेवा समागम के अंतर्गत ‘नर्मदा संवाद’ जिला स्तरीय प्रशिक्षण सह कार्यशाला का आयोजन जिला पंचायत हरदा के सभागार में किया गया। कार्यक्रम में नर्मदा संरक्षण, घाट संस्कृति, जैविक खेती, पौधारोपण एवं नर्मदा की सहायक नदियों के संरक्षण जैसे विषयों पर विस्तृत चर्चा की गई।
कार्यक्रम के उद्घाटन सत्र में पद्मश्री एवं मध्यप्रदेश जन अभियान परिषद के उपाध्यक्ष मोहन नागर, भाजपा जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा, मंडल अध्यक्ष नितेश बादर, स्वदेशी विचार मंच हरदा के सत्यनारायण दोगने, विद्या भारती वैदिक विद्यापीठम से सुजीत शर्मा, पर्यावरणविद् गौरी शंकर मुकाती एवं नर्मदा समग्र के राज्य समन्वयक मनोज जोशी प्रमुख रूप से उपस्थित रहे।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए पद्मश्री श्री नागर ने कहा कि जिस प्रकार मनुष्य के शरीर में रक्त निरंतर प्रवाहित होता रहता है, उसी प्रकार युगों-युगों तक मां नर्मदा अविरल बहती रहे। उन्होंने कहा कि जितना हमारा तन स्वस्थ रहेगा, उतना ही हमारा शरीर स्वस्थ रहेगा और उसी प्रकार जितनी हमारी नदियां स्वस्थ रहेंगी, उतनी ही हमारी धरती स्वस्थ रहेगी। उन्होंने घाट संस्कृति, घाट संरक्षण, नर्मदा पथ एवं नर्मदा परिक्रमा वासियों के विषय पर विस्तृत चर्चा की।
कार्यक्रम में श्री बादर ने नर्मदा जलग्रहण क्षेत्र में प्राकृतिक एवं जैविक खेती के महत्व पर प्रकाश डाला। जिला अध्यक्ष राजेश वर्मा ने नर्मदा संरक्षण की आवश्यकता बताते हुए उपस्थित लोगों से नदी एवं पर्यावरण संरक्षण के लिए सक्रिय सहभागिता का आह्वान किया। पर्यावरणविद् श्री मुकाती ने पौधारोपण एवं पर्यावरण संरक्षण के महत्व पर अपने विचार व्यक्त किए। नर्मदा समग्र के राज्य समन्वयक मनोज जोशी ने नर्मदा एवं उसकी सहायक नदियों के संरक्षण तथा घाट संस्कृति एवं घाट संरक्षण विषय पर विस्तृत जानकारी दी। उन्होंने नर्मदा को स्वच्छ, अविरल एवं निर्मल बनाए रखने के लिए सामूहिक प्रयासों की आवश्यकता पर जोर दिया।
कार्यक्रम का संचालन दीनबंधु गौर ने किया तथा आभार विकासखंड समन्वयक अनुपम भारद्वाज ने व्यक्त किया। इस अवसर पर जिला समन्वयक संदीप गौहर, विकासखंड समन्वयक राकेश वर्मा सहित विभिन्न संतजन, नर्मदा तट से जुड़े नर्मदा भक्त एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।
Harda, Harda | Aug 27, 2026