गांव के मुख्य मार्ग पर कई जगह भरा पानी, कीचड़ और गंदगी से ग्रामीण परेशान
सोडलपुर। ग्राम के मुख्य मार्ग पर बारिश के बाद कई स्थानों पर जलभराव होने से ग्रामीणों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। पानी की निकासी की उचित व्यवस्था नहीं होने के कारण सड़क पर कीचड़ और गंदगी जमा हो गई है। ग्रामीणों को इसी पानी और कीचड़ से होकर आवागमन करना पड़ रहा है।
ग्राम के गुठान मोहल्ले और हाट बाजार के पास सड़क पर पानी भरा होने से स्थिति अधिक खराब है। यहां सड़क पर इतना पानी जमा है कि पैदल निकलने के लिए भी पर्याप्त जगह नहीं बचती। इसी तरह दर्जी मोहल्ला, राम मंदिर के सामने, बाजार चौक और दुर्गा स्टेज के पास भी बारिश के दौरान जलभराव की समस्या बनी रहती है।
ग्रामीणों का कहना है कि बारिश के पूरे मौसम में उन्हें इस समस्या से जूझना पड़ रहा है। पानी निकासी की व्यवस्था नहीं होने से सड़क पर कीचड़ और गंदगी फैल रही है। इसके बावजूद ग्राम पंचायत द्वारा समस्या के स्थायी समाधान की ओर ध्यान नहीं दिया जा रहा है।
पीपल चौक पर नाली के ऊपर बड़ा गड्ढा
इधर पीपल चौक पर नाली के ऊपर बड़ा गड्ढा हो जाने से भी दुर्घटना का खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों के अनुसार यहां आए दिन वाहन चालक परेशान होते हैं और छोटी-मोटी दुर्घटनाएं भी हो रही हैं। पैदल चलने वालों के लिए भी यह गड्ढा खतरा बना हुआ है। ग्रामीणों ने पंचायत से गड्ढे को तत्काल भरवाने और नाली की उचित मरम्मत कराने की मांग की है।
ग्रामीणों ने ग्राम पंचायत से मांग की है कि मुख्य मार्ग के सभी जलभराव वाले स्थानों पर पानी निकासी की स्थायी व्यवस्था कराई जाए तथा पीपल चौक पर बने गड्ढे की तत्काल मरम्मत कराई जाए, ताकि बारिश के दौरान ग्रामीणों को परेशानी और दुर्घटना के खतरे से राहत मिल सके।
Harda, Harda | Aug 27, 2026