#भरतपुर। बयाना नगर पालिका की नवनिर्वाचित अध्यक्ष ऊषा अग्रवाल ने जयपुर में मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा से शिष्टाचार मुलाकात कर कस्बे के बुनियादी ढांचे और विकास से जुड़ी विभिन्न मांगों का मांग पत्र सौंपा। इस दौरान उन्होंने नगर पालिका बोर्ड द्वारा पारित प्रस्तावों की जानकारी देते हुए बयाना के सर्वांगीण विकास के लिए राज्य सरकार से विशेष बजट जारी करने का अनुरोध किया। मुलाकात के दौरान ऊषा अग्रवाल ने शहर में स्वच्छता व्यवस्था और कचरा प्रबंधन को अपनी प्राथमिकताओं में शीर्ष पर बताया। उन्होंने कस्बे में घर-घर कचरा संग्रहण के लिए नए वाहनों की व्यवस्था करने के साथ-साथ नए डंपिंग यार्ड के निर्माण हेतु भूमि आवंटन और आवश्यक वित्तीय स्वीकृति की मांग रखी। इसके अतिरिक्त उन्होंने शहर की जल निकासी व्यवस्था को दुरुस्त करने, नई सड़कों के निर्माण और स्थानीय नागरिकों के लिए एक आधुनिक पार्क विकसित करने के उद्देश्य से विशेष बजट की सिफारिश की। बयाना शहर की निरंतर बढ़ती आबादी और भविष्य की जरूरतों को ध्यान में रखते हुए उन्होंने नगर पालिका को प्रोन्नत कर नगर परिषद का दर्जा देने की प्रमुख मांग भी मुख्यमंत्री के समक्ष रखी। मुख्यमंत्री भजनलाल शर्मा ने सभी बिंदुओं पर गंभीरता से विचार करते हुए बयाना के विकास के लिए हर संभव सहयोग और सकारात्मक कार्रवाई का भरोसा दिलाया।