#भरतपुर। राजस्थान पुलिस ने प्रदेश की बीट पुलिसिंग और यातायात व्यवस्था को अधिक आधुनिक, पारदर्शी और तकनीक आधारित बनाने के लिए दो महत्वपूर्ण कदम उठाए हैं। बीट प्रणाली को प्रभावी बनाने के लिए राजस्थान पुलिस और गृह मंत्रालय के ब्यूरो ऑफ पुलिस रिसर्च एंड डेवलपमेंट के बीच एक एमओयू पर हस्ताक्षर किए गए हैं। इसके तहत पहले चरण में सीकर, जयपुर उत्तर, धौलपुर, डीडवाना-कुचामन, कोटा शहर, डूंगरपुर, चूरू, जैसलमेर और जोधपुर पश्चिम सहित नौ जिलों में नवीन बीट प्रणाली लागू होगी, जिसे बाद में पूरे राज्य में विस्तारित किया जाएगा। इस नई व्यवस्था में राजकॉप ई-बीट बुक, जीपीएस, जियो-टैगिंग और क्यूआर कोड जैसी आधुनिक तकनीकों के इस्तेमाल से बीट प्रोफाइल तैयार की जाएगी। साथ ही सीएलजी, पुलिस मित्र और 'नो योर बीट ऑफिसर' जैसे अभियानों के जरिए जनता और पुलिस के बीच सीधे संवाद को मजबूती दी जाएगी। बीपीआरएंडडी इसमें राजस्थान पुलिस को प्रशिक्षण और मॉडल प्रारूप उपलब्ध कराएगा, जबकि पुलिस अकादमी जयपुर नोडल संस्थान के रूप में कार्य करेगी।