बैरगनिया के उच्च माध्यमिक विद्यालय में गांधी-शास्त्री जयंती समारोह आयोजित
संवाददाता चंदन पाठक की रिपोर्ट
बैरगनिया (सीतामढ़ी)। राजकीयकृत उच्च माध्यमिक विद्यालय, बैरगनिया में गुरुवार, 2 अक्टूबर को राष्ट्रपिता महात्मा गांधी एवं पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती श्रद्धापूर्वक मनाई गई। इस अवसर पर विद्यालय परिसर में दोनों महापुरुषों के चित्र पर श्रद्धासुमन अर्पित कर उनके जीवन, विचारों और देश के प्रति योगदान को याद किया गया।
कार्यक्रम में प्रभारी प्रधानाध्यापक श्याम बाबू पाल के अलावा शिक्षक राजीव कुमार, दीनानाथ कुमार, ललन पासवान, संतोष कुमार, निलेश मिश्रा, नरेंद्र आर्या, रामा शंकर कुमार, शिक्षिका शिवानी ठाकुर, लिपिक आनंद कुमार, आदित्य कुमार सहित विद्यालय के छात्र-छात्राएं उपस्थित रहे।
इस दौरान वक्ताओं ने महात्मा गांधी के सत्य, अहिंसा और स्वच्छता के संदेश को जीवन में अपनाने की अपील की। वहीं लाल बहादुर शास्त्री की सादगी, ईमानदारी, देशभक्ति और कर्तव्यनिष्ठा को याद करते हुए उनके प्रसिद्ध नारे “जय जवान, जय किसान” के महत्व पर प्रकाश डाला गया।
महात्मा गांधी का जन्म 2 अक्टूबर 1869 को पोरबंदर, गुजरात में हुआ था। उनके सत्य और अहिंसा के सिद्धांतों के सम्मान में 2 अक्टूबर को अंतर्राष्ट्रीय अहिंसा दिवस के रूप में भी मनाया जाता है।
वहीं लाल बहादुर शास्त्री का जन्म 2 अक्टूबर 1904 को मुगलसराय, उत्तर प्रदेश में हुआ था। वे स्वतंत्र भारत के दूसरे प्रधानमंत्री रहे और 1965 के भारत-पाकिस्तान युद्ध के दौरान देश का नेतृत्व किया। उनकी सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा आज भी लोगों के लिए प्रेरणास्रोत है।