मिशन-2027 को लेकर सपा ने बढ़ाई सक्रियता, अंकिता बॉबी बोलीं- एकजुट होकर करें मेहनत
संतकबीरनगर। वर्ष 2027 में होने वाले विधानसभा चुनाव को लेकर समाजवादी पार्टी ने अपनी तैयारियां तेज कर दी हैं। संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने और कार्यकर्ताओं को चुनावी अभियान के लिए सक्रिय करने पर जोर दिया जा रहा है। इसी क्रम में जिला पंचायत सदस्य एवं सपा नेत्री अंकिता बॉबी ने कार्यकर्ताओं में जोश भरते हुए एकजुट होकर मिशन-2027 में जुटने का आह्वान किया।
अंकिता बॉबी ने कहा कि आगामी विधानसभा चुनाव पार्टी और कार्यकर्ताओं के लिए बेहद महत्वपूर्ण है।
कार्यकर्ता अभी से गांव-गांव और बूथ-बूथ पहुंचकर जनता से संवाद करें तथा समाजवादी पार्टी की नीतियों और राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव के नेतृत्व को जन-जन तक पहुंचाएं।
उन्होंने कहा कि चुनाव में सफलता के लिए बूथ स्तर पर संगठन को मजबूत करना सबसे जरूरी है। प्रत्येक कार्यकर्ता अपने क्षेत्र में सक्रिय रहकर जनता की समस्याओं को समझे और उन्हें मजबूती से उठाए।
अंकिता बॉबी ने दावा किया कि कार्यकर्ताओं की मेहनत, संगठन की एकजुटता और जनता के समर्थन के बल पर 2027 में संतकबीरनगर की तीनों विधानसभा सीटों पर समाजवादी पार्टी जीत दर्ज करेगी।
उन्होंने कार्यकर्ताओं से आपसी मतभेद भुलाकर पूरी ताकत के साथ चुनावी तैयारियों में जुटने और अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री बनाने के लक्ष्य के साथ काम करने की अपील की। साथ ही प्रदेश एवं जिला संगठन को बूथ स्तर तक मजबूत करने पर जोर दिया।