मनरेगा मजदूरों की चार प्रमुख मांगों को लेकर जिलाधिकारी को सौंपा ज्ञापन, आंदोलन की चेतावनी
संतकबीरनगर। मनरेगा मजदूर संघ के जिला अध्यक्ष लाल बहादुर के नेतृत्व में सोमवार को मनरेगा मजदूरों की विभिन्न समस्याओं को लेकर जिलाधिकारी संतकबीरनगर को ज्ञापन सौंपा गया।
ज्ञापन के माध्यम से मजदूरों की चार प्रमुख मांगों को तत्काल पूरा किए जाने की मांग की गई। साथ ही मांगों पर शीघ्र कार्रवाई नहीं होने पर आंदोलन की चेतावनी भी दी गई।
ज्ञापन में पहली मांग मनरेगा मजदूरों के लंबित मजदूरी भुगतान को तत्काल कराए जाने की रही। मजदूरों का कहना है कि समय से भुगतान नहीं होने के कारण उन्हें आर्थिक परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है।
दूसरी मांग मनरेगा और प्रधानमंत्री आवास योजना ग्रामीण में व्याप्त कथित भ्रष्टाचार पर प्रभावी रोक लगाने तथा इसकी निष्पक्ष जांच कराने की है। तीसरी मांग मनरेगा मजदूरों की मजदूरी दर में बढ़ोतरी किए जाने की है, ताकि बढ़ती महंगाई के बीच मजदूरों को राहत मिल सके।
चौथी मांग मनरेगा योजना में कार्य कर रहे श्रमिकों को काम के दौरान आवश्यक सुविधाएं और सुरक्षा उपलब्ध कराने से संबंधित है। संघ ने कहा कि मजदूरों की समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं हुआ तो संगठन आंदोलन के लिए बाध्य होगा।