हरदोई पुलिस की बड़ी कामयाबी: 3 माह में बरामद किए 220 गुमशुदा मोबाइल, कीमत लगभग ₹40 लाख; स्वामियों को सौंपे
हरदोई पुलिस अधीक्षक के निर्देशन में चलाए जा रहे गुमशुदा मोबाइल फोन बरामदगी अभियान के तहत हरदोई पुलिस को बड़ी सफलता मिली है। सर्विलांस सेल और CEIR (Central Equipment Identity Register) पोर्टल की मदद से पिछले तीन महीनों के दौरान जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों से गायब हुए कुल 220 स्मार्टफोन्स को ट्रेस कर सकुशल बरामद कर लिया गया है। बरामद किए गए इन मोबाइलों की कुल अनुमानित कीमत लगभग 40 लाख रुपये बताई जा रही है।
मंगलवार को हरदोई पुलिस कार्यालय परिसर में आयोजित एक कार्यक्रम के दौरान अपर पुलिस अधीक्षक (पूर्वी) ने मोबाइल स्वामियों को उनके गुम हुए फोन हस्तगत कराए। महीनों से खोए हुए मोबाइल वापस पाकर आवेदकों के चेहरे खुशी से खिल उठे और उन्होंने हरदोई पुलिस एवं सर्विलांस टीम का सहहृदय आभार व्यक्त किया।
पुलिस प्रशासन ने बताया कि नागरिकों की गुमशुदा संपत्ति को सुरक्षित उन तक पहुँचाने का यह अभियान आगे भी निरंतर जारी रहेगा।
Hardoi, Hardoi | Oct 6, 2026