विवाह के पंजीकरण या औपचारिकता में लडक़ा व लडक़ी के माता-पिता की उपस्थिति होनी चाहिए अनिवार्य : मीनाक्षी शर्मा
भारत विकास परिषद शाखा भिवानी ने धूमधाम से मनाया तीज पर्व, सांस्कृतिक सप्ताह का हुआ समापन
भिवानी, 17 अगस्त : भारत विकास परिषद शाखा भिवानी द्वारा यहां राधा कृष्णा बैंकट हॉल में तीज पर्व का आयोजन किया गया। इस रंगारंग कार्यक्रम के साथ ही संस्था के एक सप्ताह से चल रहे सांस्कृतिक सप्ताह का भी समापन हुआ। कार्यक्रम का शुभारंभ मां भारती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन और राष्ट्रीय गीत वंदे मातरम् के साथ किया गया, जिसमें बिटिया दिया ने मनमोहक गणेश वंदना प्रस्तुत की। समारोह का संचालन शाखा सचिव मीनाक्षी शर्मा और नवीन शर्मा ने बेहद खूबसूरती से किया। कार्यक्रम में प्रांतीय संयोजक पर्यावरण गतिविधि माणिक मित्तल और उनकी धर्मपत्नी पूजा मित्तल ने कार्यक्रम अध्यक्ष के रूप में शिरकत की। मुख्य अतिथि के रूप में धर्मवीर ढिल्लों, तथा विशिष्ट अतिथि के तौर पर डा. कमला भारद्वाज और श्रीमति शिवानी लच्छीरामका उपस्थित रहे।
सांस्कृतिक कार्यक्रम संयोजिका मीनू जैन और महिला गतिविधि संयोजिका संध्या गर्ग के मार्गदर्शन में विभिन्न प्रतियोगिताओं का आयोजन किया गया, जिसके विजेताओं को सम्मानित किया गया। कार्यक्रम का मुख्य आकर्षण परिषद की महिलाओं द्वारा प्रस्तुत एक प्रेरणादायक नाटिका रही। शाखा सचिव मीनाक्षी शर्मा ने कहा कि आजकल कई बार बच्चे परिवार की सहमति के बिना घर से भागकर विवाह कर लेते हैं, जिससे माता-पिता की स्थिति अत्यंत दयनीय हो जाती है। हम न्यायालय से यह अपील करते हैं कि विवाह के पंजीकरण या औपचारिकता में लडक़ा और लडक़ी दोनों के माता-पिता की उपस्थिति अनिवार्य की जानी चाहिए, ताकि परिवारों के टूटने और बड़ों के अपमान की ऐसी घटनाओं पर रोक लग सके।
इसके अलावा मास्टर हरिराम और अध्यक्ष सज्जन अग्रवाल के मधुर भजनों ने सभी का मन मोह लिया। मीनू जैन, राज हलवासिया, सुमन तायल, संध्या गर्ग, पिंकी बंसल, मीनाक्षी शर्मा, मोनिका शर्मा, अंजू तायल, अंजू शर्मा और श्रीमति सरिता बजाज ने शानदार नृत्य प्रस्तुत किया। कार्यक्रम के दौरान पर्यावरण संरक्षण में उत्कृष्ट योगदान के लिए पर्यावरण संयोजक सज्जन सोनी और उनकी धर्मपत्नी आनंदी सोनी को मुख्य अतिथियों द्वारा सम्मानित किया गया। इसके साथ ही भारत विकास परिषद परिवार में नए जुड़े 4 परिवारों को सदस्यता की शपथ दिलाई गई। सभी उपस्थित अतिथिगण को अंगवस्त्र, माला और उपहार स्वरूप पौधे भेंट किए गए। अंत में राष्ट्रीय गान के पश्चात सभी ने सहभोज का आनंद लिया।
Bhiwani, Bhiwani | Aug 17, 2026