श्रीमद्भागवत कथा मानव जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शक है: संत हुजूर कंवर जी महाराज
बच्चों को केवल सुविधाएं नहीं, बल्कि संस्कार भी दिए जाएं: तेजभूषण शास्त्री
भिवानी। श्रीमती मनोहरी देवी मैमोरियल ट्रस्ट एवं लिटिल हार्ट्स ग्रुप ऑफ स्कूल भिवानी द्वारा आयोजित सात दिवसीय श्रीमद्भागवत ज्ञान यज्ञ के पांचवें दिन राधा स्वामी दिनोद के संत हुजूर कंवर जी महाराज का सानिध्य प्राप्त हुआ। इस दौरान भगवान श्रीकृष्ण की मनोहारी बाल लीलाओं का वर्णन सुनकर श्रद्धालु भावविभोर हो उठे। कथा के पंचम दिवस भागवत मर्मज्ञ तेजभूषण शास्त्री जी ने भगवान श्रीकृष्ण की पूतना वध, शकटासुर वध, अघासुर वध, कालिया नाग दमन एवं गोवर्धन पूजा जैसी दिव्य लीलाओं का विस्तार से वर्णन किया। उन्होंने कहा कि श्रीकृष्ण की बाल लीलाएं केवल धार्मिक कथाएं नहीं, बल्कि इनमें मानव जीवन और समाज के लिए गहरे संदेश निहित हैं। तेजभूषण शास्त्री जी ने कहा कि आज आवश्यकता है कि बच्चों को केवल सुविधाएं नहीं, बल्कि संस्कार भी दिए जाएं। माता-पिता अपने आचरण से बच्चों के सामने आदर्श प्रस्तुत करें और उन्हें सत्संग, धर्म, संस्कृति तथा अच्छे विचारों से जोड़ें। पूतना और अघासुर की लीलाओं से बच्चों को बाहरी आकर्षण, गलत संगति और अनजाने खतरों से बचाने की प्रेरणा मिलती है। उन्होंने कालिया नाग दमन की कथा के माध्यम से पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि नदियां, जल, गौवंश, वन और प्रकृति हमारे जीवन का आधार हैं। प्रकृति को प्रदूषित करना आने वाली पीढि़यों के प्रति हमारी जिम्मेदारी को भूलना है। वहीं गोवर्धन पूजा के प्रसंग से प्रकृति, गौसेवा और सामूहिक एकता का संदेश मिलता है। राधा स्वामी दिनोद के संत हुजूर कंवर जी महाराज ने कहा कि पितृपक्ष समय काल में कथाओं का अपना महत्व होता है। श्रीमद्भागवत कथा केवल धार्मिक ग्रंथ का वाचन नहीं, बल्कि मानव जीवन को सही दिशा देने वाला आध्यात्मिक मार्गदर्शक है। सच्चा धर्म वही है जो निस्वार्थ भाव से मानवता और समाज की सेवा करना सिखाए। उन्होंने श्रद्धालुओं से सत्य, अहिंसा, दया और भक्ति के मार्ग पर चलने का आह्वान किया। इस अवसर पर महंत चरण दास महाराज, कथा आयोजक शिक्षाविद त्रिलोकचंद गोयल, आनन्द प्रकाश गोयल, डॉ. संजय गोयल, डॉ. पवन गोयल, समाजसेवी रमेश हेतमपुरिया, रामदेव तायल, एडवोकेट सुरेंद्र जैन, मुकेश गुप्ता जी हिसार, रमेश जी जुई, विजय किशन अग्रवाल, देबू राम, रवि कुमार, बजरंग बहल वाला, विनोद कुमार, पूनम टीटू, ओमप्रकाश, प्रवीण राजगढ़,, जयभगवान, मनमोहन, जोशी, डॉक्टर कर्ण पूनिया, डॉक्टर वन्दना पुनिया, समाजसेवी पवन बवानी वाला, कमल भारद्वाज, भावना गोयल, सीमा गोयल, सुमन गोयल, सतीश गोयल, राहुल गोयल, निश्चल गोयल, ऐश्वर्या, मेघा, मुस्कान, साक्षी, श्री राम जी, संचित कुमार, विनय कुमार, अमित कुमार, श्याम सुन्दर शर्मा, सुभाष गोयल सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति एवं श्रद्धालु मौजूद रहे।