12 पंचायतों में सहयोग शिविर, 88 आवेदन प्राप्त; चार मामलों का मौके पर हुआ निष्पादन
जहानाबाद। मुख्यमंत्री के ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ निश्चय के तहत मंगलवार को जिले की 12 पंचायतों में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के निर्देश पर आयोजित शिविरों में आमजनों की समस्याएं एवं शिकायतें प्राप्त की गईं। कुल 88 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें चार मामलों का शिविर के दौरान ही निष्पादन किया गया। शेष 84 आवेदनों के समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन का निर्देश दिया गया।
जहानाबाद सदर प्रखंड की सिकरिया पंचायत में जिला पदाधिकारी छिरिङ वाई भूटिया के नेतृत्व में आयोजित शिविर में पांच आवेदन प्राप्त हुए। कल्पा पंचायत में वरीय उप समाहर्ता नेहा कुमारी की मौजूदगी में 10 आवेदन प्राप्त हुए।
मखदुमपुर प्रखंड की सुमेरा पंचायत में उप विकास आयुक्त आदित्य कुमार पियूष के नेतृत्व में आयोजित शिविर में 11 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें चार का निष्पादन किया गया। पुनहदा पंचायत में अपर समाहर्ता, विभागीय जांच विनय कुमार सिंह की मौजूदगी में आठ तथा मलाठी पंचायत में अनुमंडल पदाधिकारी राजीव रंजन सिन्हा की मौजूदगी में पांच आवेदन प्राप्त हुए।
रतनी फरीदपुर प्रखंड की सोहरैया पंचायत में भूमि सुधार उप समाहर्ता अमू अमला की मौजूदगी में चार तथा झुनाठी पंचायत में संयुक्त सचिव, विशेष कार्यक्रम तेज नारायण राय की मौजूदगी में पांच आवेदन प्राप्त हुए। मोदनगंज प्रखंड की बंधुगंज पंचायत में जिला भू-अर्जन पदाधिकारी चन्द्र किशोर सिंह की मौजूदगी में 14 आवेदन मिले।
काको प्रखंड की सैदाबाद परसाई पंचायत में अपर समाहर्ता, राजस्व अनिल कुमार सिन्हा की मौजूदगी में आठ तथा अमथुआ पंचायत में जिला पंचायत राज पदाधिकारी सुजीत कुमार की मौजूदगी में सात आवेदन प्राप्त हुए। घोसी प्रखंड की लखावर पंचायत में जिला लोक शिकायत निवारण पदाधिकारी राजीव कुमार की मौजूदगी में पांच तथा हुलासगंज प्रखंड की खुदौरी पंचायत में वरीय उप समाहर्ता निपुन कुमारी की मौजूदगी में छह आवेदन मिले।
जिला पदाधिकारी ने सभी शिविर प्रभारियों एवं संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया कि शिविर में प्राप्त प्रत्येक आवेदन को अनिवार्य रूप से सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए। राज्य सरकार के निर्धारित मानकों के अनुरूप अधिकतम 30 दिनों के भीतर आवेदनों का निष्पादन सुनिश्चित करने को कहा गया। निष्पादित मामलों की अनुपालन रिपोर्ट भी नियमित रूप से पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी ने जिलेवासियों से अपील की कि वे सहयोग शिविरों में पहुंचकर अपनी समस्याओं एवं शिकायतों का समाधान प्राप्त करें तथा केंद्र एवं राज्य सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ उठाएं।