Public App Logo
सहयोग शिविर में डीएम ने सुनीं ग्रामीणों की समस्याएं, 30 दिनों में निष्पादन का निर्देश जहानाबाद। मुख्यमंत्री के ‘सबका सम्मान–जीवन आसान’ संकल्प के तहत आमजनों की समस्याओं का स्थानीय स्तर पर त्वरित समाधान एवं पात्र लाभुकों को सरकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाने के उद्देश्य से मंगलवार को जहानाबाद प्रखंड की सिकरिया पंचायत में सहयोग शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में जिला पदाधिकारी श्रीमती छिरिङ वाई भूटिया और पुलिस अधीक्षक कोटा किरण कुमार ने भाग लिया। डीएम ने विभिन्न विभागों की ओर से लगाए गए स्टॉलों का निरीक्षण किया और उपलब्ध कराई जा रही सेवाओं तथा प्राप्त आवेदनों की जानकारी ली। उन्होंने शिविर में पहुंचे ग्रामीणों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं सुनीं और संबंधित पदाधिकारियों को नियमानुसार त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया। शिविर में भूमि से संबंधित अधिक शिकायतें प्राप्त होने पर डीएम ने अंचल अधिकारी को सभी मामलों की जांच कर समयबद्ध तरीके से निष्पादन करने तथा कार्रवाई की जानकारी सहयोग पोर्टल पर अपलोड करने का निर्देश दिया। विद्यालय तक आवागमन के लिए रास्ता निर्माण की मांग पर बीडीओ को स्थल जांच कर रास्ता निर्माण की व्यवहार्यता से संबंधित प्रतिवेदन देने को कहा गया। भेवर-सिकरिया बाजार की जर्जर सड़क की शिकायत पर संबंधित पदाधिकारी को स्थल जांच कर आवश्यक कार्रवाई करने का निर्देश दिया गया। वहीं, नल-जल एवं पेयजल से जुड़ी शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए सभी आवेदनों को संकलित कर पंचायती राज विभाग एवं लोक स्वास्थ्य अभियंत्रण विभाग को त्वरित कार्रवाई का निर्देश दिया गया। डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर में प्राप्त सभी आवेदनों को अनिवार्य रूप से सहयोग पोर्टल पर अपलोड किया जाए। प्रत्येक आवेदन की नियमित निगरानी करते हुए अधिकतम 30 दिनों के भीतर प्रभावी, समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निष्पादन सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने बीडीओ को शिविर में आने वाले लोगों की सुविधा के लिए बेहतर व्यवस्था एवं विभागों के बीच समुचित समन्वय सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। लाभुकों को योजनाओं का मिला लाभ शिविर के दौरान पात्र लाभुकों को विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ भी प्रदान किया गया। डीएम एवं एसपी ने राजेश साव और कमलेश चौधरी को लेबर कार्ड प्रदान किया। सोनारिक मोची को जॉब कार्ड संख्या 4668 तथा रविंद्र चौधरी को जॉब कार्ड संख्या 4665 दिया गया। इसके अलावा राम सुमरन सिंह एवं कौशल्या देवी के परिवार को मृत्यु प्रमाण-पत्र प्रदान किया गया। डीएम ने कहा कि सहयोग शिविर का उद्देश्य लोगों को सरकारी कार्यालयों के अनावश्यक चक्कर से बचाना है। स्थानीय स्तर पर उनकी समस्याओं का पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण समाधान तथा पात्र लोगों तक जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ पहुंचाना प्रशासन की प्राथमिकता है। शिविर में निदेशक, डीआरडीए, प्रखंड विकास पदाधिकारी सहित अन्य प्रखंड स्तरीय पदाधिकारी मौजूद रहे। #कोटाकिरणकुमार #पुलिसअधीक्षक #सहयोगशिविर #छिरिङवाईभूटिया #जनसमस्याएं #जिलापदाधिकारी #jehanabad #डीजीपी #jehanabadlive #बिहार - Jehanabad News