जिला अस्पताल व स्वास्थ्य कार्यक्रमों का राज्य-केंद्रीय टीम ने किया निरीक्षण
जहानाबाद। राज्य एवं केंद्रीय स्तर के कार्यालय के निर्देश पर स्टेट पब्लिक हेल्थ ऑब्जर्वर टीम (एसपीओटी) के सदस्य आनंद शर्मा ने दो दिवसीय भ्रमण के दौरान जिला अस्पताल एवं जिला स्वास्थ्य समिति के कार्यों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध विभिन्न स्वास्थ्य सेवाओं और व्यवस्थाओं का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम में जिला स्वास्थ्य समिति में संचालित जिला स्तरीय स्वास्थ्य कार्यक्रमों से संबंधित अभिलेख, रजिस्टर एवं आवश्यक दस्तावेजों की गहन समीक्षा की गई। टीम ने एकीकृत रोग निगरानी कार्यक्रम (आइडीएसपी), टीकाकरण से संबंधित कार्यक्रम (वीपीडी), वन हेल्थ, रेबीज, लेप्टोस्पायरोसिस, सर्पदंश, एनपीसीसीएचएच, एएमआर सहित अन्य कार्यक्रमों की प्रगति एवं कार्यवाही की जानकारी ली।
एसपीओटी की निर्धारित जांच सूची के अनुसार जिला स्तर पर आवश्यक दस्तावेज एवं अभिलेखों को व्यवस्थित और अद्यतन रखने पर विशेष जोर दिया गया। निरीक्षण के दौरान स्वास्थ्य कार्यक्रमों की निगरानी व्यवस्था, अभिलेख संधारण तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन की स्थिति का भी आकलन किया गया।
टीम ने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मियों को स्वास्थ्य कार्यक्रमों के संचालन में गुणवत्ता बनाए रखने तथा कमियों को दूर करते हुए आवश्यक सुधारात्मक कार्रवाई सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य समिति एवं स्वास्थ्य विभाग के संबंधित पदाधिकारी और कर्मी मौजूद रहे। अधिकारियों ने टीम को आवश्यक अभिलेख एवं जानकारी उपलब्ध कराई।