गांव प्रेमनगर में पौधारोपण एवं स्वच्छता अभियान चलाकर मनाई गई गांधी व शास्त्री जयंती
स्वच्छता ईश्वर की भक्ति के समान है और इसका स्थान जीवन में सर्वोपरि : सुंदर अत्री
भिवानी, 02 अक्तूबर : सेवा संकल्प अभियान के तहत गांव प्रेमनगर के हाई स्कूल प्रांगण में राष्ट्रपिता महात्मा गांधी और पूर्व प्रधानमंत्री लाल बहादुर शास्त्री की जयंती के अवसर पर शुक्रवार को कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम के दौरान ग्रामीणों और अतिथियों ने उत्साहपूर्वक पौधारोपण किया और स्कूल परिसर में स्वच्छता अभियान चलाकर सफाई की। कार्यक्रम की शुरुआत मुख्य अतिथि नगरपालिका बवानीखेड़ा के चेयरमैन एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सुंदर अत्री, कार्यक्रम अध्यक्ष गावं प्रेमनगर सरपंच राजेश कुमार और विशिष्ट अतिथि अशोक परमार बवानीखेड़ा ने महात्मा गांधी और लाल बहादुर शास्त्री के चित्रों पर माल्यार्पण एवं पुष्प अर्पित करके की। इसके पश्चात मुख्य अतिथि एवं अन्य उपस्थित गणमान्य लोगों ने स्कूल प्रांगण में पौधारोपण किया और स्कूल के पिछले हिस्से में जमकर सफाई अभियान चलाया। इस अवसर पर सभी उपस्थित जनों को स्वच्छता और पर्यावरण संरक्षण की शपथ भी दिलाई गई। इस मौके पर मुख्य अतिथि सुंदर अत्री ने कहा कि स्वच्छता ईश्वर की भक्ति के समान है और इसका स्थान जीवन में सर्वोपरि है। हम सभी को अपने आसपास सफाई रखनी चाहिए और अधिक से अधिक पेड़ लगाकर पर्यावरण को बचाना चाहिए। उन्होंने सभी लोगों से अपने आसपास निरंतर सफाई अभियान चलाने और पर्यावरण संरक्षण में योगदान देने का आह्वान किया। कार्यक्रम की अध्यक्षता कर रहे सरपंच राजेश कुमार ने स्वयंसेवकों द्वारा किए गए स्वच्छता और पौधारोपण के कार्यों की सराहना की और सभी अतिथियों व ग्रामीणों का आभार व्यक्त किया। मंच का कुशल संचालन पूर्व प्राचार्य रमेश बुरा ने किया। इस अवसर पर शिक्षा समिति के प्रधान जोगिन्द्र सिंह, दलबीर सिंह, विक्की, गोविन्दा, भंवर सिंह, हरिपाल, जगप्रवेश, ईश्वर दाहिया, साहिल दाहिया, राकेश, बिन्द्र बुरा, कृष्ण, संदीप मास्टर, दिनेश कुमार, लीलाराम, विनोद कुमार सहित अनेक ग्रामीण और गणमान्य व्यक्ति मौजूद रहे।