➡️ सेवा संकल्प अभियान 2026: सेवा की कहानी
➡️ PMFME योजना से हेमंत सिंह दांगी ने स्थापित की आधुनिक फ्लोर मिल, हर माह कमा रहे 90 हजार रुपये
सेवा संकल्प अभियान 2026 के तहत 'कहानी सेवा की' श्रृंखला में आज हम बात कर रहे हैं, राहतगढ़ विकासखंड के ग्राम सीहोरा निवासी कृषक श्री हेमंत सिंह दांगी की, जिन्होंने प्रधानमंत्री सूक्ष्म खाद्य उद्योग उन्नयन योजना (PMFME) का लाभ लेकर पारंपरिक खेती के साथ खाद्य प्रसंस्करण के क्षेत्र में कदम रखा। उन्होंने आधुनिक फ्लोर मिल स्थापित कर स्वरोजगार का उदाहरण प्रस्तुत किया है।
श्री दांगी पहले पारंपरिक खेती करते थे। फसलों का बेहतर मूल्य प्राप्त करने और आय बढ़ाने के उद्देश्य से उन्होंने कृषि आधारित उद्योग स्थापित करने का निर्णय लिया। इसके लिए उन्होंने उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से संपर्क कर स्वरोजगार संबंधी जानकारी प्राप्त की तथा जिला संसाधन व्यक्ति (DRP) के माध्यम से PMFME योजना के तहत ऑनलाइन आवेदन किया।
योजना के माध्यम से उन्हें सेंट्रल बैंक ऑफ इंडिया की सीहोरा शाखा से 58 लाख 78 हजार रुपये का ऋण स्वीकृत हुआ। साथ ही योजना के प्रावधानों के अनुसार उन्हें 10 लाख रुपये का शासकीय अनुदान प्राप्त हुआ। इस वित्तीय सहायता से उन्होंने आधुनिक मशीनें स्थापित कर ‘हेमंत आटा मिल’ की शुरुआत की।
मिल में पैकेजिंग, ग्रेडिंग और पल्वराइजर सहित आधुनिक मशीनों की व्यवस्था की गई है। यहां तैयार आटे को ‘स्वादिष्ट गोल्ड’ ब्रांड नाम से बाजार में उपलब्ध कराया जा रहा है। आधुनिक एवं स्वचालित मशीनों की मदद से प्रतिदिन लगभग 20 क्विंटल आटे का उत्पादन किया जा रहा है।
आज श्री दांगी इस व्यवसाय से प्रतिमाह लगभग 90 हजार रुपये का मुनाफा अर्जित कर रहे हैं। उनकी इकाई में तैयार आटे की स्थानीय बाजारों के साथ अन्य जिलों में भी आपूर्ति हो रही है। साथ ही, इस उद्योग के माध्यम से स्थानीय युवाओं को रोजगार के अवसर भी मिल रहे हैं।
श्री हेमंत सिंह दांगी की सफलता बताती है कि शासकीय योजनाओं का लाभ लेकर किसान पारंपरिक खेती के साथ खाद्य प्रसंस्करण एवं कृषि आधारित उद्योगों को अपनाकर अपनी आय बढ़ा सकते हैं और दूसरों के लिए रोजगार के अवसर सृजित कर सकते हैं।
#jansamparkMP #sagar