न्यायालय के आदेश पर हाथी बाजार की विवादित अराजी 717 कुर्क
वाराणसी।सेवापुरी विकासखंड के हाथी बाजार स्थित विवादित अराजी नंबर 717 पर शनिवार सुबह करीब 11 बजे जंसा पुलिस ने कुर्की की कार्रवाई की। पुलिस के अनुसार यह कार्रवाई न्यायालय के आदेश के अनुपालन में की गई। आपको बता दे कि न्यायालय द्वारा जारी आदेश में चालानी एवं नक्शा-नजरी दिनांक 28 जून 2026 में विवादित अराजी नंबर 717 को ‘ए’ चिन्ह से दर्शाया गया है। आदेश में धारा 165(1) बीएनएसएस के तहत प्रदत्त अधिकारों का प्रयोग करते हुए प्रभारी निरीक्षक जंसा, कमिश्नरेट वाराणसी को उक्त अराजी को तत्काल कुर्क कर पुलिस की सुपुर्दगी एवं कब्जे में लेने का निर्देश दिया गया है।
आदेश में यह भी कहा गया है कि उक्त संपत्ति को तब तक पुलिस की सुपुर्दगी में रखा जाए, जब तक पक्षकारों के अधिकारों अथवा कब्जे के दावों का निर्धारण करने वाली सक्षम न्यायालय की डिक्री अथवा आदेश प्राप्त नहीं हो जाता। न्यायालय के निर्देश के क्रम में शनिवार की सुबह करीब 11 बजे जंसा पुलिस ने मौके पर पहुंचकर कुर्की की कार्रवाई पूरी की। इस मौके पर बड़ी संख्या में पीएसी के जवान स्थानीय पुलिस कर्मी एवं ग्रामीणों मौजूद रहे।