मिर्जामुराद में नींद आने से आगे चल रहे ट्रक में भिड़ा दूसरा ट्रक, चालक घायल
वाराणसी के मिर्जामुराद थाना क्षेत्र के खजुरी के पास एनएच-19 पर गुरुवार की रात करीब एक बजे दो ट्रकों में जोरदार टक्कर हो गई। बता दे कि हजारीबाग के चौपारण थाना क्षेत्र निवासी अली हसन ट्रक लेकर प्रयागराज जा रहे थे। खजुरी के पास उन्हें नींद आने लगी। इसी दौरान उनका ट्रक आगे चल रहे दूसरे अज्ञात ट्रक में पीछे से जा भिड़ा। टक्कर इतनी तेज थी कि ट्रक का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया और चालक अली हसन केबिन में फंसकर घायल हो गए।
सूचना पर पहुंची मिर्जामुराद पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद चालक को केबिन से बाहर निकाला और एंबुलेंस से अस्पताल भेजा जहां उनका इलाज चल रहा है। हादसे के बाद दूसरा ट्रक चालक वाहन समेत मौके से फरार हो गया। पुलिस एनएच-19 और आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर फरार ट्रक की पहचान करने में जुटी है।