मुख्य सचिव ने खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग की योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की
नए राशन कार्ड के आवेदनों के निष्पादन, जन वितरण प्रणाली, सीएमआर आपूर्ति एवं लंबित मामलों के त्वरित निष्पादन के संबंध में दिए आवश्यक निर्देश
आज दिनांक 17 अगस्त, 2026 को मुख्य सचिव, बिहार द्वारा खाद्य एवं उपभोक्ता संरक्षण विभाग के अंतर्गत संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की प्रगति की समीक्षा जिलाधिकारियों के साथ वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से की गई।
बैठक के दौरान विशेष अभियान के तहत नए राशन कार्ड के लिए प्राप्त आवेदनों के सत्यापन, डेटा एंट्री, ई-केवाईसी एवं राशन कार्ड निर्गमन की प्रगति की समीक्षा की गई। साथ ही जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत खाद्यान्न वितरण एवं सीएमआर आपूर्ति की स्थिति की भी समीक्षा की गई तथा संबंधित पदाधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए।
समीक्षा के दौरान बताया गया कि राज्य में कुल 13,93,704 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं। इनमें से 11,83,792 आवेदनों को सत्यापन के उपरांत पात्र पाया गया है। कुल 4,13,079 आवेदनों की डेटा एंट्री पूर्ण की जा चुकी है, जो पात्र आवेदनों का 35 प्रतिशत है।
औरंगाबाद जिले की प्रगति की समीक्षा के क्रम में बताया गया कि जिले में कुल 69,546 ऑफलाइन आवेदन प्राप्त हुए हैं, जिनमें से 52,446 आवेदन सत्यापन के उपरांत पात्र पाए गए हैं। दिनांक 16 अगस्त, 2026 तक 26,963 आवेदनों की डेटा एंट्री पूर्ण की जा चुकी थी तथा दिनांक 17 अगस्त, 2026 को पूर्वाह्न 09:35 बजे तक 732 अतिरिक्त आवेदनों की डेटा एंट्री पूर्ण की गई। इस प्रकार जिले में कुल 27,695 आवेदनों की डेटा एंट्री पूर्ण हो चुकी है, जो पात्र आवेदनों का 53 प्रतिशत है।
जिला में 133 आवेदन ई-केवाईसी हेतु सक्षम किए गए हैं, जिनमें से 7 आवेदनों का ई-केवाईसी पूर्ण हो चुका है तथा 27,462 आवेदन ई-केवाईसी हेतु लंबित हैं। वहीं 01 आवेदन में एसडीओ लॉगिन के माध्यम से राशन कार्ड जनरेट किया गया है।
मुख्य सचिव द्वारा संबंधित पदाधिकारियों को निर्देश दिया गया कि पात्र आवेदनों के निष्पादन में अनावश्यक विलंब न हो तथा डेटा एंट्री, ई-केवाईसी एवं राशन कार्ड निर्गमन की प्रक्रिया को प्राथमिकता के आधार पर निर्धारित समय-सीमा में पूर्ण किया जाए। जन वितरण प्रणाली के अंतर्गत पात्र लाभुकों को निर्धारित मात्रा में खाद्यान्न का नियमित एवं सुचारू वितरण सुनिश्चित करने तथा सीएमआर आपूर्ति से संबंधित कार्यों में अपेक्षित प्रगति लाने का भी निर्देश दिया गया।
जिला पदाधिकारी, औरंगाबाद द्वारा समीक्षा के क्रम में संबंधित पदाधिकारियों को निर्देशित किया गया कि राशन कार्ड से संबंधित लंबित आवेदनों का ससमय निष्पादन सुनिश्चित करते हुए डेटा एंट्री एवं ई-केवाईसी की प्रगति में तेजी लाई जाए।
वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के दौरान औरंगाबाद से जिला पदाधिकारी श्रीमती अभिलाषा शर्मा (भा.प्र.से.) के साथ अनुमंडल पदाधिकारी सदर श्री गौरव सिंह, जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री श्वेतांक लाल, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी श्रीमती श्वेता प्रियदर्शी, वरीय उपसमाहर्ता श्री रितेश कुमार यादव सहित संबंधित विभागीय पदाधिकारी उपस्थित रहे।
#pds #supply #RationCard #DistrictAdministration