#अंतर्राष्ट्रीय_वृद्धजन_दिवस के अवसर पर जिला चिकित्सालय, धार के ट्रामा सेंटर स्थित एनसीडी कक्ष में वृद्धजनों के लिए विशेष स्वास्थ्य परीक्षण एवं परामर्श शिविर आयोजित किया गया। इस वर्ष अंतर्राष्ट्रीय वृद्धजन दिवस की थीम “दीर्घायु का युगः लम्बे जीवन के लिए व्यवस्थाओं का पुनर्विचार” रही।
शिविर में वृद्धजनों के स्वास्थ्य की व्यापक जांच एवं स्क्रीनिंग की गई। इसमें रक्तचाप, ब्लड शुगर, अस्थमा, हृदय रोग, लकवा, नेत्र एवं मोतियाबिंद, मानसिक स्वास्थ्य तथा बधिरता संबंधी जांच शामिल रही। विशेषज्ञ चिकित्सकों द्वारा वृद्धजनों को आवश्यक परीक्षण, उपचार एवं स्वास्थ्य संबंधी परामर्श भी प्रदान किया गया।
शिविर के माध्यम से वृद्धजनों को अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहने तथा समय-समय पर स्वास्थ्य परीक्षण कराने के लिए प्रेरित किया गया। चिकित्सकों ने बताया कि वृद्धावस्था में होने वाले रोगों की समय पर पहचान और उपचार से स्वास्थ्य संबंधी जटिलताओं को कम किया जा सकता है।
शिविर के सफल आयोजन में सिविल सर्जन डॉ. मुकुंद बर्मन, आरएमओ डॉ. संजय जोशी, अस्पताल प्रबंधक डॉ. भावसार, फिजियोथेरेपिस्ट डॉ. कीर्ति बघेल, डॉ. श्रुति पटेल, डॉ. मनीष मोदी, डॉ. हिमांशु बरमंडल, डॉ. मोहन जमरा, नर्सिंग ऑफिसर मनीषा हिलाल, सुनील कुशवाह एवं यशोदा पटेल सहित चिकित्सकीय एवं स्वास्थ्यकर्मी दल का सहयोग रहा।
शिविर में बड़ी संख्या में वृद्धजनों ने सहभागिता कर स्वास्थ्य सेवाओं का लाभ लिया। इस अवसर पर स्वास्थ्य विभाग द्वारा संदेश दिया गया कि वृद्धजनों के स्वास्थ्य की नियमित जांच, रोगों की समय पर पहचान एवं उपचार बेहद महत्वपूर्ण है। परिवारजन भी वृद्धजनों के स्वास्थ्य, देखभाल एवं सम्मान के प्रति संवेदनशील रहते हुए उन्हें आवश्यक स्वास्थ्य सेवाएं उपलब्ध कराने में सहयोग करें।
Jansampark Madhya Pradesh